Mahakumbh 2025: उत्तर भारत में घने कोहरे और खराब मौसम के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस सहित 32 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देर से चल रही हैं।
Train Running Status: महाकुंभ के लिए यात्रियों को ट्रेन नहीं मिल रही बनारस वंदे भारत सहित 32 ट्रेनें लेट चल रही हैं। रेलवे स्टेशनों पर यात्री ठिठुर रहे हैं। सर्दी से बचाव के इंतजाम नहीं हैं। आगरा कैंट होकर चलने वाली सचखंड एक्सप्रेस 16 घंटे देरी से चल रही है।
एक तरफ खराब मौसम, कोहरा ट्रेनों की चाल बिगाड़ रहा है। उधर, महाकुंभ के लिए ट्रेनों में सीट नहीं मिल रहीं स्लीपर कोच फुल हैं। एसी कोच में 100 से अधिक वेटिंग हैं। वेटिंग के बावजूद ट्रेन समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच रही। ऐसे में बड़ी संख्या में यात्रियों को बुकिंग निरस्त करानी पड़ रही है। सुपरफास्ट ट्रेन भी पैसेंजर की तरह चल रही हैं।
बुधवार को बनारस वंदे भारत 20175 निर्धारित समय से 6 घंटे लेट रही। शताब्दी एक्सप्रेस जिसे रात 9:25 बजे कैंट स्टेशन आना था वह रात 1 बजे आई। सचखंड एक्सप्रेस 16 घंटे, केरला एक्सप्रेस 6.17 घंटे, गीता जयंती एक्सप्रेस 7 घंटे और पातालकोट एक्सप्रेस 12 घंटे लेट रही।
लंबी दूरी की ट्रेनों की लेटलतीफी से एक तरफ रेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। दूसरी तरफ ट्रेनों का टाइमटेबल गड़बड़ाने से यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। महाकुंभ के लिए प्रयागराज की तरफ जाने वाली ट्रेनों में सर्वाधिक लेटलतीफी हो रही है।