प्रयागराज

दीपावली पर प्रयागराज से दिल्ली-मुंबई रूट की 46 ट्रेनें पैक, वंदे भारत और राजधानी में भी टिकट नहीं

दीपावली के त्योहार के करीब आते ही प्रयागराज से दिल्ली और मुंबई रूट की ट्रेनों में सीट मिलना मुश्किल हो गया है। राजधानी, वंदे भारत और अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों में स्लीपर, थर्ड एसी, सेकंड एसी और इकोनॉमी कोच की सभी सीटें फुल हैं।

less than 1 minute read
फाइल फोटो-पत्रिका

दीपावली के त्योहार के करीब आते ही प्रयागराज से दिल्ली और मुंबई रूट की ट्रेनों में सीट मिलना मुश्किल हो गया है। राजधानी, वंदे भारत और अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों में स्लीपर, थर्ड एसी, सेकंड एसी और इकोनॉमी कोच की सभी सीटें फुल हैं। वेटिंग लिस्ट भी भर चुकी है, यानी अब किसी ट्रेन में कोई टिकट नहीं मिलेगा।

18 ट्रेनों में यात्रियों को टिकट नहीं मिला 

दिल्ली रूट पर 28 और मुंबई रूट पर 18 ट्रेनों में यात्रियों को टिकट नहीं मिल पा रहे हैं। पहली बार ऐसी स्थिति बनी है कि दिल्ली-मुंबई रूट पर वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं हैं। दिल्ली रूट की फुल ट्रेनों में डिब्रूगढ़ राजधानी, तेजस राजधानी, भुवनेश्वर राजधानी, कोलकाता राजधानी, हावड़ा राजधानी, गरीब रथ, हमसफर एक्सप्रेस, महाबोधी और कई अन्य शामिल हैं। स्थानीय यात्री ने बताया कि दीपावली पर घर में अखंड रामायण पाठ होने वाला है, इसलिए ट्रेनों में टिकट खोज रहे हैं, लेकिन किसी ट्रेन में सीट नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि पहले वंदे भारत और राजधानी ट्रेनों में कम से कम वेटिंग टिकट मिल जाता था, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है।

मुंबई-प्रयागराज रूट भी बेहाल

मुंबई-प्रयागराज रूट भी बेहाल है। गोदान, प्रयागराज दूरंतो, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, एलटीटी गोरखपुर सुपरफास्ट, एलटीटी जय नगर और अन्य साप्ताहिक व विशेष ट्रेनों में सीटें फुल हैं। रेलवे के नए नियम के अनुसार अब केवल 60 दिन पहले ही टिकट बुक किया जा सकता है। इसी वजह से 18 अक्टूबर तक की ट्रेनों में अब सीट उपलब्ध नहीं हैं। सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए दीपावली विशेष ट्रेनें शेड्यूल की जा रही हैं।

यात्री दीपावली से दो महीने पहले ही टिकट बुक करने में लगे हैं, लेकिन भीड़ इतनी अधिक है कि ज्यादातर ट्रेनें पूरी तरह भरी हुई हैं।

Published on:
22 Aug 2025 12:15 am
Also Read
View All

अगली खबर