
प्रयागराज : धुरंधर-2 फिल्म आने के बाद अतीक अहमद की चर्चाएं तेज हैं। उमेश पाल की हत्या का मास्टर माइंड अब अतीक का गुर्गा गुड्डू मुस्लिम फिर से एक्टिव हो गया। उमेश पाल हत्याकांड के बाद से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा गुड्डू मुस्लिम फरार चल रहा है। आरोप है कि गुड्डू के गुर्गे प्रयागराज में उसके नाम पर अवैध वसूली और जमीन कब्जाने का खेल खेल रहे हैं। धूमनगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुई एक हिंसक घटना ने शहर में हड़कंप मचा दिया है।
घटना धूमनगंज के नंदग्राम के पास की है। पीड़ित फैसल, जो कसारी-मसारी का रहने वाला है और गिट्टी-बालू का ठेकेदार है, अपनी जमीन के सिलसिले में वहां मौजूद था। तभी थार कार से आए दो दबंगों ने फैसल पर हमला बोल दिया।
हमलावरों ने फैसल को सड़क पर दौड़ाया और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से बेतहाशा पीटा। हमलावरों ने चिल्लाते हुए कहा कि अगर उसने अपनी कीमती जमीन का बैनामा उनके नाम नहीं किया, तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
पीड़ित फैसल का आरोप है कि हमलावर माफिया अतीक अहमद और फरार अपराधी गुड्डू मुस्लिम के बेहद करीबी हैं। फैसल के मुताबिक ये गुर्गे गुड्डू मुस्लिम के लिए 'फंड' इकट्ठा कर रहे हैं और व्यापारियों को डरा-धमकार अवैध वसूली कर रहे हैं। हमलावर फैसल की ऐनुद्दीनपुर स्थित जमीन (जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये है) को जबरन अपने नाम करवाना चाहते हैं। पीड़ित का दावा है कि वसूली गई रकम सीधे गुड्डू मुस्लिम तक पहुंचाई जा रही है ताकि उसकी फरारी का खर्च चलता रहे।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और पीड़ित की शिकायत के बाद प्रयागराज पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने अफजल, आलम, अकरम, अक्सान और अंजफ के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या इन हमलावरों का सीधा संपर्क अभी भी गुड्डू मुस्लिम से है।
उमेश पाल हत्याकांड के बाद से गुड्डू मुस्लिम पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित है और वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है। इस नई घटना ने पुलिस के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है।