प्रयागराज

प्रयागराजः जम्मू मेल ने उत्तर मध्य रेलवे की सबसे अधिक कमाई वाली ट्रेन का खिताब हासिल किया

रेलवे की नई रिपोर्ट के अनुसार, 1 जनवरी से 30 जून 2025 तक जम्मू मेल ने 2,95,681 यात्रियों के साथ 26.36 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं, प्रयागराज एक्सप्रेस 2,46,601 यात्रियों के साथ 18.46 करोड़ रुपये कमाकर इस सूची में चौथे स्थान पर रही।

2 min read
Rail new

प्रयागराज के सूबेदार रेलवे स्टेशन से जम्मू के श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक चलने वाली जम्मू मेल ने उत्तर मध्य रेलवे (NCR) की सबसे अधिक कमाई करने वाली ट्रेन का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस ट्रेन ने लंबे समय तक शीर्ष पर रही प्रयागराज एक्सप्रेस को पीछे छोड़ दिया।

रेलवे की नई रिपोर्ट के अनुसार, 1 जनवरी से 30 जून 2025 तक जम्मू मेल ने 2,95,681 यात्रियों के साथ 26.36 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं, प्रयागराज एक्सप्रेस 2,46,601 यात्रियों के साथ 18.46 करोड़ रुपये कमाकर इस सूची में चौथे स्थान पर रही। एनसीआर की 20 ट्रेनों ने इस अवधि में कुल 2800 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की।

यात्री संख्या के मामले में खजुराहो-उदयपुर एक्सप्रेस सबसे आगे

वहीं, यात्री संख्या के मामले में खजुराहो-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें तीन महीने में 3,31,283 यात्रियों ने सफर किया और 20.43 करोड़ रुपये की कमाई हुई। जम्मू मेल की सफलता का कारण इसकी बढ़ती यात्री संख्या है। हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद इस रूट पर एक महीने तक यात्रियों की संख्या घटी थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य होने से यात्रियों का रुझान फिर बढ़ा है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि आने वाले महीनों में जम्मू मेल की कमाई और बढ़ेगी।

लोकप्रिय है प्रयागराज एक्स्प्रेस

प्रयागराज-नई दिल्ली रूट की प्रयागराज एक्सप्रेस, जो पहले एनसीआर की सबसे कमाऊ ट्रेन थी, इस बार चौथे स्थान पर रही।
इसने 18.46 करोड़ रुपये कमाए। पिछले वित्तीय वर्ष (2022-23) में इसने 82 करोड़ रुपये की कमाई की थी। अपनी विश्वसनीयता के कारण यह ट्रेन यात्रियों की पसंद बनी हुई है।

कैसा रहा प्रीमियम ट्रेनों का प्रदर्शन?

प्रीमियम ट्रेनों में आगरा कैंट-बनारस वंदे भारत ने 12.63 करोड़ रुपये, खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत ने 12.42 करोड़ रुपये, और गतिमान एक्सप्रेस ने 11.55 करोड़ रुपये की कमाई की। ये ट्रेनें आधुनिक सुविधाओं और तेज गति के कारण लोकप्रिय हैं।

सबसे आगे रहने वाली दस ट्रेनें

रेलवे की रिपोर्ट के अनुसार, शीर्ष 10 ट्रेनों में जम्मू मेल (26.36 करोड़ रुपये), खजुराहो-उदयपुर एक्सप्रेस (20.43 करोड़ रुपये), प्रयागराज-दादर एक्सप्रेस (20.02 करोड़ रुपये), और प्रयागराज एक्सप्रेस (18.46 करोड़ रुपये) शामिल हैं। अन्य ट्रेनों जैसे लोकमान्य तिलक दुरंतो, उत्तर संपर्क क्रांति, और शताब्दी एक्सप्रेस ने भी अच्छा प्रदर्शन किया।

Published on:
13 Jul 2025 11:00 pm
Also Read
View All

अगली खबर