प्रयागराज

Prayagraj: साहब! मेरी बहन और भांजे को बचा लीजिये, मेरा बहनोई बहुत खतरनाक है, वह उनकी हत्या कर देगा!

Prayagraj में पति पत्नी को ससुराल से घसीटते हुए बन्दूक की नोक पर उठा ले गया। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में कुछ लोग लाठी डंडे लिए एक महिला को जबरन अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे हैं।

2 min read

Prayagraj के हंडिया थाना क्षेत्र में कुछ बदमाश लाठी-डंडे और बन्दूक के साथ आये और एक घर पर हमला बोल दिया। घर से एक महिला को घसीटते हुए बाहर लाए और उसे जबरदस्ती गाड़ी में उठाकर ले गए। घर के लोगों ने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की और चाकू से हमला किया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला? 

हंडिया थाना क्षेत्र के बरौत स्थित पुरेगोबई गांव के सुनील ने 2020 में अपनी बहन सोनी की शादी भदोही के औराई थाना के महराजगंज कांसापुर के मुकेश कुमार से की थी। सोनी की यह दूसरी शादी थी। उसके पहले पति की सड़क गुर्घटना में मौत हो गयी थी। 15 अगस्त को सोनी अपने मायके आयी थी। रविवार को पति अपने ससुराल पंहुचा और जबरदस्ती अपनी पत्नी को अपने साथ ले गया। इस दौरान काफी हंगामा हुआ।

महिला के भाई ने क्या कहा?

सोनी के भाई सुनील ने कहा, “मेरी बहन सोनी के ससुराल वाले हमसे 5 लाख रुपये की डिमांड कर रहे थे। उसका पति उसे बहुत पीटता है। 15 अगस्त को पति ने उसे बहुत मारा। ससुराल वालों ने भी उसे तरह-तरह की गालियां दी और घर से निकाल दिया। उसी दिन मेरी बहन मायके आ गई। इसके बाद हमलोगों ने उसकी हालत देखकर उसे ससुराल जाने से मन कर दिया। 16 अगस्त को मेरे बहनोई ने फ़ोन पर धमकी दी और अपने दोस्तों के साथ आ गया।”

सुनील ने आगे कहा “मेरा बहनोई 3 गाड़ियों से अपने 15 दोस्तों के साथ मेरे गांव आ गया। उनके हाथ में लाठी-डंडा और बन्दूक थी। वो जबरदस्ती सोनी को ले जाने लगा। हमलोगों ने विरोध किया तो पहले गाली-गलौज की और उसके बाद मारपीट की। कई लोगों को पर चाकू से हमला किया और उन्हें घायल कर दिया।”

मेरी बहन को बचा लीजिये साहब

सुनील ने पुलिस के सामने गुहार लगते हुए कहा “मेरी बहन और भांजे को बचा लीजिये साहब। मेरा बहनोई बहुत खतरनाक  है। वो मेरी बहन और भांजे को मार देगा।” 

 घटना पर हो रही राजनीति 

घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। समाजवादी पार्टी (SP) ने वीडियो ट्वीट कर लिखा “ये योगीराज/भाजपा सरकार में जंगलराज नहीं तो और क्या है ?”

उत्तरप्रदेश कांग्रेस ट्वीट कर लिखा “योगी सरकार ने अपने कर्मों की बदौलत प्रदेश को 'भय मुक्त' नहीं 'भय युक्त' बनाकर रख दिया है।” 

DCP गंगानगर प्रयागराज ने बताया “महिला के भाई के प्रार्थना पत्र के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।”

हंडिया थाना प्रभारी बृज किशोर गौतम ने कहा “पीड़ित महिला के भाई सुनील के तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है। वीडियो के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। हमारी एक टीम को भदोही भेजा गया है। आरोपी को जल्दी ही गिरफ्तार किया जायेगा।”

Also Read
View All

अगली खबर