
Pawan Yadav Murder case: प्रयागराज के हंडिया इलाके में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव पवन यादव की मंगलवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं, पवन के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अब अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। इसी बीच पुलिस ने हत्या के इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में लल्ला यादव, बृजेश यादव और निहाल अली गिरफ्तार कर लिए गए हैं। तीनों हत्या घटनास्थल बाइक से पहुंचे थे और इस हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, पवन से उनकी व्यक्तिगत दुश्मनी थी, इस वजह से इन्होंने उनकी हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया है कि निहाल बाइक चला रहा था, लल्ला सबसे पीछे बैठा हुआ था, जबकि बृजेश बीच में बैठा हुआ था। लल्ला ने ही पवन यादव के ऊपर गोली चलाई थी, जिसके बाद तीनों बाइक से फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए तमंचे व कारतूस भी बरामद कर लिए हैं। पूछताछ में लल्ला ने बताया है कि पवन यादव से उसकी व्यक्तिगत दुश्मनी थी, इसलिए उसने अपने साथियों से मिलकर हत्या की यह योजना बनाई थी। आरोपियों ने स्वीकार किया है कि हत्या की इस वारदात को अंजाम देने के लिए तीनों ने 20 हजार रुपए में दो अवैध तमंचे और कारतूस खरीदे थे। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए तमंचे व कारतूस भी बरामद कर लिए हैं। वहीं, आरोपियों से मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है।
गंगानगर जोन के हंडिया इलाके में मंगलवार की शाम सपा नेता पवन यादव को बदमाशों ने गोली मार दी थी, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं, अस्पताल में ले जाने के बाद डॉक्टरों ने पवन को मृत घोषित कर दिया। मुरार गांव के रहने वाले पवन पूर्व में ग्राम प्रधान भी रह चुके हैं और इस वक्त वह समाजवादी पार्टी के जिला सचिव के पद पर थे। सबसे बड़ी बात या रही कि हत्या की यह वारदात हंडिया थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर ही की गई। इसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
हत्या की वारदात के बाद मौके पर हंडिया पुलिस पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई और परिजनों द्वारा शक जताए जाने पर वर्तमान में प्रधान पति विनोद यादव और उसके सहयोगी लल्ला यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। बताया जा रहा है कि पकड़े गए तीनों आरोपी भी समाजवादी पार्टी से ही जुड़े हुए हैं। मुख्य आरोपी लल्ला यादव भी समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता बताया जा रहा है। फिलहाल हत्या की इस वारदात को प्रधानी का चुनाव और आपसी रंजिश से जोड़कर भी देखा जा रहा है।