प्रयागराज में 15 साल की नाबालिग लड़की से अंडाणु निकालने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला ने iPhone और पैसे का लालच देकर ऑपरेशन कराया।
Prayagraj Crime News: प्रयागराज में 15 साल की एक नाबालिग लड़की से अंडाणु निकालने का गंभीर मामला सामने आया है। यह मामला 'किराये की कोख' यानी सरोगेसी से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि लड़की को एक एप्पल का आईफोन और 15 हजार रुपये का लालच देकर ऑपरेशन कराया गया। पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले में एक महिला की भूमिका सामने आई है, जिसने लड़की को बहला-फुसलाकर इस प्रक्रिया के लिए तैयार किया।
लड़की ने मजिस्ट्रेट के सामने दिए बयान में बताया कि महिला ने उससे कहा था कि यह एक छोटा सा ऑपरेशन है और इसके बाद उसकी जिंदगी बेहतर हो जाएगी। उसे अच्छे भविष्य और पैसों का सपना दिखाया गया। लड़की का कहना है कि वह इन बातों में आ गई और ऑपरेशन के लिए तैयार हो गई। बयान में लड़की ने यह भी बताया कि महिला उससे धर्म और आज़ादी से जुड़ी बातें करती थी। कहा गया कि जब वह अच्छा पैसा कमा लेगी, तो उसकी निकाह करा दी जाएगी। पुलिस का कहना है कि इन बयानों के आधार पर पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पिछले एक साल में 20 से 25 कम उम्र की लड़कियों के अंडाणु इसी तरह निकाले गए हो सकते हैं। अब पुलिस तीन एंगल पर जांच कर रही है। पहला, अब तक कितनी नाबालिग लड़कियां इस रैकेट का शिकार हुई हैं। दूसरा, क्या इसके पीछे कोई संगठित रैकेट सक्रिय है। तीसरा, क्या लड़कियों को किसी अन्य उद्देश्य से ब्रेनवॉश किया जा रहा था।
इस पूरे मामले की शुरुआत प्रयागराज के नवाबगंज इलाके से हुई। मंसूराबाद की रहने वाली एक लड़की के पति की पांच साल पहले मौत हो चुकी है। वह अपने बच्चों के साथ रहती हैं। उनकी सबसे बड़ी बेटी कोमल 15 साल की है, जबकि परिवार में एक छोटा बेटा भी है। मां के अनुसार, कोमल कुछ समय से पहल उर्फ जोया नाम की महिला के संपर्क में थी। वह सुबह घर से निकलती और शाम को लौटती थी। मां को शक हुआ तो उन्होंने सवाल किए, लेकिन कोमल टालमटोल करती रही। 15 जनवरी को कोमल अचानक लापता हो गई और उसका फोन भी बंद मिला।
परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। कई दिनों बाद 21 जनवरी को पता चला कि कोमल सिविल लाइंस के एक IVF सेंटर में भर्ती है। मां जब वहां पहुंचीं तो उन्हें बताया गया कि कोमल का ऑपरेशन हो चुका है और उसके अंडाणु निकाल लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने लड़की को शेल्टर होम में रखा है। 5 फरवरी को उसका मेडिकल कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।