Prayagraj doctor death : प्रयागराज में एक डॉक्टर की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। डॉक्टर अपनी महिला साथी से मिलने उसके फ्लैट पर गया था। वहीं पर वह बाथरूम में बेहोश पड़ा मिला।
प्रयागराज : प्रयागराज में एक युवा डॉक्टर की रविवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक डॉक्टर आदित्य मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (MLNMC) के जनरल सर्जरी विभाग में पीजी सेकंड ईयर रेजीडेंट थे। वे अपनी महिला डॉक्टर दोस्त के जॉर्जटाउन स्थित फ्लैट पर मिलने गए थे, जहां वॉशरूम में बेहोश अवस्था में पड़े मिले।
डॉक्टर आदित्य के हाथ में वीगो लगा हुआ था। उन्हें तुरंत स्वरूपरानी नेहरू (SRN) अस्पताल ले जाया गया, जहां डेढ़ घंटे तक सीपीआर देने के बावजूद उनकी मौत हो गई।
रविवार रात ड्यूटी खत्म करने के बाद करीब 10 बजे डॉ. आदित्य जॉर्जटाउन स्थित महिला डॉक्टर दोस्त के फ्लैट पर पहुंचे। फ्लैट में महिला डॉक्टर अपनी एक साथी के साथ मौजूद थीं।
महिला डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि आदित्य टॉयलेट जाने के लिए अंदर गए लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकले। कई बार आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अपने दोस्त डॉक्टर सौरभ को फोन किया। सौरभ एक जूनियर डॉक्टर के साथ मौके पर पहुंचे। तीनों ने मिलकर बाथरूम का दरवाजा तोड़ा तो अंदर डॉ. आदित्य बेहोश पड़े थे।
उन्हें तुरंत SRN अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने सीपीआर दिया। कुछ देर के लिए उन्हें होश भी आया लेकिन फिर हालत बिगड़ गई और डेढ़ घंटे बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
डॉ. आदित्य MLN मेडिकल कॉलेज के जनरल सर्जरी विभाग में पीजी सेकंड ईयर रेजीडेंट थे। वे अल्लापुर क्षेत्र में रहते थे। उनके पिता दिलीप दवा का कारोबार करते हैं। छोटा भाई बांदा मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है। पुलिस को सूचना मिलते ही जॉर्जटाउन थाना प्रभारी रोहित तिवारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
पूछताछ में पता चला कि शनिवार को डॉ. आदित्य को बुखार था। उन्होंने खुद वीगो लगवाया था और कहा था कि जरूरत पड़ने पर दवा ले लेंगे। पुलिस ने इस बात की जांच शुरू कर दी है कि मौत वीगो के ओवरडोज, हार्ट अटैक या किसी अन्य कारण से हुई।
मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर और प्रिंसिपल डॉ. वीके पांडेय समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।