प्रयागराज

6 साल के बेटे के सामने मां को मार डाला, मासूम बोला- पापा ने मम्मी का गला दबाया

Prayagraj Husband Kills Wife Case : प्रयागराज में एक पति ने अपनी पत्नी को 6 साल के बेटे के सामने मार डाला। इसके बाद वह कमरा बंदकर फरार हो गया।
2 min read
Feature image
गला दबाकर कर दी पत्नी की हत्या, PC- Police

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने बाद में उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

यह घटना सराय इनायत थाना क्षेत्र के पट्टीछीट गांव की है। यहां रहने वाले शैलेश कुमार ने मंगलवार देर रात अपनी पत्नी संगीता देवी (32) की हत्या कर दी। शुरुआती जांच के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो धीरे-धीरे हिंसक हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले पत्नी का गला दबाया और फिर धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। कमरे में खून के छींटे बिखरे मिले, जिससे घटना की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

6 साल के बच्चे ने देखा यह खौफनाक मंजर

वारदात के समय दंपति के दोनों बेटे- 12 वर्षीय शिवम और 6 वर्षीय सिद्धार्थ, घर में ही मौजूद थे। छोटे बेटे ने पुलिस को बताया कि रात में उसके पिता मां का गला दबा रहे थे। जब वह जाग गया तो उसे डांटकर दोबारा सुला दिया गया। 6 साल के बेटे बताया कि पापा मम्मी का रात में गला दबा रहे थे।

कमरे में पड़ा मिला शव

बुधवार सुबह पड़ोस में रहने वाली एक महिला संगीता को खेत पर काम के लिए बुलाने पहुंची। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई बाहर नहीं आया। कुछ देर बाद बच्चे रोते हुए बाहर निकले। जब पड़ोसन अंदर गई तो संगीता का शव जमीन पर पड़ा मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। उत्तरप्रदेश की पुलिस टीम, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुणावत के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का प्रतीत होता है। मृतका के भाई की शिकायत पर आरोपी पति शैलेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Updated on:
18 Mar 2026 02:20 pm
Published on:
18 Mar 2026 02:20 pm