प्रयागराज

Instagram Love Story का खौफनाक अंत: शादी के दबाव से तंग प्रेमी ने की हत्या, नहर किनारे मिला नवीं की छात्रा का शव

Prayagraj Murder Case:प्रयागराज में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती एक नवीं की छात्रा की मौत का कारण बन गई। शादी के दबाव से परेशान नाबालिग प्रेमी ने उसकी हत्या कर शव नहर किनारे झाड़ियों में छिपा दिया। कई दिन बाद पुलिस को छात्रा का शव बरामद हुआ।
2 min read
Feature image
सांकेतिक फोटो

प्रयागराज के गंगानगर जोन के मऊ आइमा क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर शुरू हुआ प्रेम संबंध दर्दनाक अंत तक पहुंच गया। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद एक 17 वर्षीय लड़के ने अपनी नाबालिग प्रेमिका की हत्या कर दी। मृतका नवीं की छात्रा थी, जबकि आरोपी 12वीं का छात्र बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर शारदा सहायक नहर के किनारे झाड़ियों से छात्रा का शव बरामद किया। पुलिस के अनुसार शव को जानवर भी नोच चुके थे।

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर प्यार में बदली बातचीत

पुलिस के मुताबिक बहरिया क्षेत्र के रहने वाले आरोपी और छात्रा की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ती गई और रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। परिवार को भी दोनों के रिश्ते की जानकारी थी। परिजनों ने कई बार दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों संपर्क में बने रहे।

डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि 20 अप्रैल को छात्रा स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और संदेह के आधार पर युवक को हिरासत में लिया।

शादी के दबाव से परेशान था आरोपी

पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। आरोपी ने बताया कि छात्रा लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी। वह इस रिश्ते से पीछा छुड़ाना चाहता था और इसी कारण उसने हत्या की योजना बनाई। आरोपी ने छात्रा को मिलने के बहाने मऊ आइमा बुलाया। वहां सुनसान इलाके में बाइक से ले जाकर उसने छात्रा पर हमला कर दिया। वारदात के बाद उसने शव को नहर किनारे झाड़ियों में छिपा दिया और मौके से फरार हो गया।

झाड़ियों में मिला शव, जानवर भी नोच चुके थे शव

पुलिस आरोपी को लेकर जब मौके पर पहुंची तो शारदा सहायक नहर के पास झाड़ियों में छात्रा का शब मिला। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शव काफी दिनों से वहां पड़ा था, जिसके कारण वह पूरी तरह सड़ चुका था। आसपास के जानवर भी शव को नोच चुके थे।घटनास्थल की स्थिति देखकर पुलिसकर्मी भी सिहर उठे।पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाकर कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में फोरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है।

परिजनों ने लगाए गहने और नकदी हड़पने के आरोप

मृतका के पिता ने आरोपी पर हत्या के साथ-साथ लूट का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनकी बेटी घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी लेकर निकली थी। आरोप है कि आरोपी ने गहने और पैसे हड़पने के बाद उसकी हत्या कर दी।वहीं, मृतका की छोटी बहन ने बताया कि परिवार ने पहले आरोपी को समझाने की कोशिश की थी,लेकिन दोनों के बीच बातचीत बंद नहीं हुई। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरोपी को फांसी देने की मांग

छात्रा की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजन आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
09 May 2026 09:50 am
Published on:
09 May 2026 09:48 am