
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में भारतीय स्टेट बैंक की आईआईटी शाखा से जुड़े लोन धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। बैंक के 12.29 लाख रुपये हड़पने के आरोप में एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शाखा प्रबंधक चिन्मय आदित्य मिश्रा ने कल्याणपुर थाने में शिवम नाम के युवक के खिलाफ तहरीर दी है। शिवम डी-30, तत्या टोपे नगर, रविदास पुरम, उद्योग नगर का निवासी है। आरोप है कि शिवम ने 13 जनवरी 2023 को एसबीआई आईआईटी शाखा से 14 लाख रुपये का एक्सप्रेस क्रेडिट पर्सनल लोन स्वीकृत कराया था।लोन लेते समय उसने बैंक में जरूरी दस्तावेज, शपथपत्र और सैलरी स्लिप जमा की थी। साथ ही हर महीने 27,663 रुपये की किस्त समय पर जमा करने का लिखित आश्वासन भी दिया था।
लोन मिलने के बाद शुरू में कुछ समय तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में शिवम ने किस्तों का भुगतान बंद कर दिया। 11 जून 2024 से उसका लोन खाता अनियमित हो गया और बाद में एनपीए घोषित कर दिया गया। इस दौरान उस पर बैंक का 12,29,000 रुपये बकाया हो गया।
बैंक प्रबंधन ने जब कई बार संपर्क किया तो शिवम ने न तो किस्त जमा की और न ही कोई जवाब दिया। इसके बाद बैंक ने आंतरिक जांच कराई। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। लोन के समय जमा की गई सैलरी स्लिप पूरी तरह फर्जी और कूटरचित पाई गई।जांच में सामने आया कि शिवम किसी भी संस्थान में काम नहीं करता था। उसके नाम से कोई भी वेतन प्रमाण पत्र जारी ही नहीं किया गया था। यानी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक से 14 लाख रुपये का लोन लिया गया।
शाखा प्रबंधक चिन्मय आदित्य मिश्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिवम के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Updated on:
08 May 2026 11:42 pm
Published on:
08 May 2026 11:42 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
