
Prayagraj Viral Video: प्यार में साथ जीने-मरने की कसमें अक्सर फिल्मों और कहानियों में सुनने को मिलती हैं, लेकिन प्रयागराज के नैनी ब्रिज पर हुई एक घटना ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावे के अनुसार, एक प्रेमी जोड़ा कथित तौर पर साथ में जान देने के इरादे से पुल पर पहुंचा था। लेकिन अंतिम क्षण में जो हुआ, उसने पूरे घटनाक्रम को बदल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल दावों के मुताबिक, दोनों पुल पर काफी देर तक खड़े रहे। बताया जा रहा है कि दोनों ने साथ में नदी में कूदने का फैसला किया था। जैसे ही छलांग लगाने का समय आया, युवक ने नदी में छलांग लगा दी, लेकिन युवती की हिम्मत जवाब दे गई और वह वहां से चली गई।
युवक के नदी में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। सूचना मिलते ही वहां तैनात गोताखोर तुरंत सक्रिय हुए और नदी में उतरकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते रेस्क्यू होने की वजह से उसकी जान बच गई। फिलहाल उसकी हालत सुरक्षित बताई जा रही है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, वायरल पोस्ट में किए जा रहे कई दावों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित प्रशासन या पुलिस की ओर से नहीं की गई है। ऐसे मामलों में सोशल मीडिया पर प्रसारित हर जानकारी को अंतिम सत्य मानने से बचना चाहिए।