प्रयागराज

युवक की नाक से निकला जिंदा जोंक, 19 दिन तक चूसता रहा खून, झरने में नहाते समय घुसा

Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक युवक की नाक से जिंदा जोंक निकला, जो 19 दिन से उसका खून चूस रहा था।

2 min read
Prayagraj News

Prayagraj News: प्रयागराज से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक युवक की नाक में एक जिंदा जोंक पाया गया। हैरानी की बात यह है कि वह जोंक 19 दिन तक युवक के नाक के अंदर रहकर खून चूसता रहा। ब्लीडिंग शुरू होने के बाद युवक डॉक्टर के पास पहुंचा। फिलहाल, डॉक्टर ने ऑपरेशन के जरिए जोंक को बाहर निकाल लिया है। आइए जानते हैं कि क्या है पूरा मामला…

उत्तराखंड के झरने में नहाने गया था सेसिल

प्रयागराज के डॉ. काटजू रोड का निवासी सेसिल एंड्रू गोम्स एक टेलीकॉम कंपनी में काम करता है। 4 जून को वह उत्तराखंड घूमने गया था। यहां भालूगाड़ झरने में उसने दोस्तों के साथ जमकर मस्ती की और नहाया भी। वापस घर लौटने के बाद 8 जून काे उसके नाक से हल्की ब्लीडिंग हुई। फिर सेसिल को छींके आने लगी और सिर में दर्द भी होने लगा। शुरूआत में उसने किसी डॉक्टर को दिखाकर कुछ दवाइयां ले ली, लेकिन उससे कोई आराम नहीं हुआ।

ड्रॉप डालने पर दिखा जोंक

सेसिल ने शहर के नाजरेथ हॉस्पिटल में ENT (नाक, कान-गला) सर्जन डॉ. सुभाष चंद्र वर्मा को दिखाया और पूरी बात बताई। डॉक्टर ने नाक में डालने के लिए कुछ ड्रॉप्स दिए। सेसिल ने जब घर आकर ड्रॉप्स नाक में डाली तो अंदर खुजली बढ़ गई। शीशे में देखा तो नाक के अंदर से कुछ कीड़े की तरह दिखा। उसने इसका वीडियो भी बना लिया। 

24 जून को सेसिल फिर डॉक्टर के पास पहुंचा और वीडियो दिखाया। डॉक्टर ने दूरबीन डालकर देखा तो वह भी चौंक गए। डॉक्टर को पता चला कि सेसिल के नाक के अंदर जिंदा जोंक है और खून चूस रहा है। इसके बाद डॉक्टर सेसिल को ऑपरेशन थियेटर में ले गए और एंडोस्कोपी के जरिए किसी तरह जोक बाहर निकालने में सफल हुए।

Published on:
25 Jun 2024 08:54 am
Also Read
View All

अगली खबर