
पहली पत्नी के विरोध पर पति ने किया जानलेवा हमला Source- Presentative
Prayagraj Crime News: प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने पहली पत्नी के रहते हुए न केवल दूसरी शादी की, बल्कि विरोध करने पर पहली पत्नी और उसके परिजनों पर जानलेवा हमला भी कर दिया। इस हिंसक झड़प में तीन महिलाएं घायल हुई हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
नैनी स्थित एडीए कॉलोनी की रहने वाली 26 वर्षीय सोनिया की शादी 5 साल पहले मुंडेरा निवासी आशीष भारतीया से हुई थी। आशीष एक निजी कंपनी में काम करता है। सोनिया का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा था। जब सोनिया ने एक बेटी को जन्म दिया, तो ससुराल वालों का व्यवहार और भी क्रूर हो गया। प्रताड़ना से तंग आकर और ससुराल वालों द्वारा निकाले जाने के बाद सोनिया पिछले चार साल से अपने मायके में रह रही थी।
सोनिया को हाल ही में सूचना मिली कि उसके पति आशीष ने उसे बिना बताए दूसरी शादी कर ली है। इस खबर से स्तब्ध सोनिया अपनी मां और अन्य महिला रिश्तेदारों के साथ सच्चाई जानने अपने ससुराल मुंडेरा पहुंची। सोनिया के मुताबिक, जब वह वहां पहुंची तो आशीष की दूसरी पत्नी ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और आशीष को फोन कर बुला लिया।
आशीष जब मौके पर पहुंचा, तो वह सोनिया को देखकर आगबबूला हो गया और गाली-गलौज करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि आशीष ने धारदार हथियार से सोनिया पर हमला कर दिया। जब सोनिया की मां और साथ आईं अन्य महिलाओं ने उसे बचाने की कोशिश की, तो आशीष और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला बोल दिया। इस मारपीट में सोनिया की मां गुड़िया देवी, रिश्तेदार अंतिमा और पुष्पा बुरी तरह घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आशीष के घरवालों ने महिलाओं को दौड़ा-दौड़कर पीटा, जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही धूमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। पुलिस ने तुरंत सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां अंतिमा नामक महिला की स्थिति काफी नाजुक बताई जा रही है। धूमनगंज थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय के अनुसार, सोनिया की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति आशीष भारतीया, उसके भाई चंदन, गुलशन और कुछ महिलाओं सहित 6 नामजद व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
Published on:
08 Feb 2026 02:02 pm
बड़ी खबरें
View Allप्रयागराज
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
