
प्रयागराज. smuggling unique way यूपी में आजकल सोने की तस्करी पूरे जोर शोर के साथ हो रही है। तस्करी के लिए अनोखे तरीके का प्रयोग किया जा रहा है। कोई अपने मल द्वार से तो कोई अंडरगारमेंट में सोने की तस्करी कर रहा है। यूपी में ऐसे कई मामले पकड़े गए हैं। एक अनोखा मामला प्रयागराज में सामने आया। कुछ आरोपी कार से सोने की नाव बनाकर तस्करी कर रहे थे। पर मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने एयरफोर्स मनोरी के पास सोने की नाव सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। सोने की नाव का वजन करीब डेढ़ किलो है।
पुलिस ने बताया कि, पूछताछ में युवकों ने बताया कि वे असम से सोना खरीदकर लाए हैं। वे इसे बेचने जा रहे हैं। हालांकि, जब पुलिस ने खरीद से जुड़ा कोई कागजात मांगा तो वे दिखा नहीं पाए। पुलिस ने सोने को सीज कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने आयकर और वाणिज्य कर को रिपोर्ट भेज दी है। हालांकि, पुलिस अभी और जानकारी इकट्ठा कर रही है। पुलिस ने इस मामले में तिलक सिंह (कौशांबी), सूरज वर्मा (प्रयागराज), धीरेंद्र पाल (कौशांबी), विमलेश कुमार (कौशांबी) और रामधन (प्रयागराज) को गिरफ्तार किया है।