रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से तय दर से ज्यादा पैसे वसूलने वाले स्टाल संचालकों पर प्रयागराज मंडल ने बड़ी कार्रवाई की है। यात्रियों की शिकायतों और सबूतों के आधार पर चार स्टेशनों के सात स्टालों पर पांच से दस हजार रुपये तक का जुर्माना ठोका गया है।
Railway news: यात्रियों ने शिकायत की थी कि प्लेटफार्म पर पानी, चाय और स्नैक्स जैसी चीजें निर्धारित कीमत से दोगुने दाम पर बेची जा रही थीं। कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर रेल मदद ऐप, हेल्पलाइन 139 और सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर शिकायत दर्ज कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर प्रयागराज जंक्शन पर श्रीकृष्ण कैटरिंग (प्लेटफार्म 9-10), शिव शक्ति फूड्स (प्लेटफार्म 1), महाकाल कैटर्स (प्लेटफार्म 4-5), मानिकपुर में हेमंत कुमार शुक्ला (प्लेटफार्म 2-3), अलीगढ़ में खुर्शीद अहमद और टूंडला में एएच व्हीलर पर हजारों रुपए का जुर्माना लगाया गया।
दुकान की गई निलंबित
एक स्टाल संचालक को दो दिनों के लिए निलंबित भी किया गया। बाद में उसने लिखित हलफनामा देकर भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का वादा किया। मंडल पीआरओ अमित कुमार सिंह ने कहा कि सभी दोषी स्टाल मालिकों से लिखित आश्वासन लिया गया है और आगे से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।