प्रयागराज

सोरांव के स्टेनो और उनकी बहन की गुजरात में बेरहमी से चाकू गोदकर हत्या,आज इलाहाबाद पहुंचेगा शव

सोरांव थाना क्षेत्र के बढ़ैया गांव के रहने वाले स्टेनो निश्चय कश्यप और उनकी बहन ममता की गुजरात के सूरत में उनके ही बहनोई ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी।

less than 1 minute read
पोखरे से बरामद हुआ युवक का शव

प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र के बढ़ैया गांव के रहने वाले स्टेनो निश्चय कश्यप (24) और उनकी बहन ममता देवी (22) की गुजरात के सूरत में बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उनके बहनोई संदीप गौड़ पर लगा है, जिसने दोनों पर चाकू से हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंची सास शकुंतला देवी को भी चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

पुलिस ने मामले की जानकारी परिवार को दी तो गांव में कोहराम मच गया। परिजन बेसुध हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों के शव एंबुलेंस से सूरत से सोरांव के लिए रवाना हो चुके हैं, जो शनिवार सुबह तक पहुंचेंगे।

विवाद के बाद हत्या

जानकारी के मुताबिक, बढ़ैया गांव निवासी किसान अशोक कुमार के दामाद संदीप गौड़, जो हंडिया के टेला गांव के रहने वाले हैं, अपने परिवार के साथ सूरत में नौकरी करते हैं। अशोक कुमार के बेटे निश्चय कश्यप की अगले महीने शादी होने वाली थी। शादी की तैयारी के लिए माता शकुंतला देवी, बहन ममता देवी और निश्चय सूरत अपने बहनोई के घर गए थे। वहां बुधवार को किसी बात को लेकर निश्चय और संदीप के बीच विवाद हो गया। गुस्से में संदीप ने चाकू उठाया और साले निश्चय और साली ममता पर लगातार वार करने लगा। दोनों लहूलुहान होकर गिर पड़े। जब शकुंतला देवी बीच-बचाव करने आईं तो संदीप ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में दो की मौत

तीनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने निश्चय और ममता को मृत घोषित कर दिया, जबकि शकुंतला देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Updated on:
10 Oct 2025 08:15 pm
Published on:
10 Oct 2025 08:14 pm
Also Read
View All

अगली खबर