Lok Sabha Election 2024: सपा के पूर्व विधायक उज्ज्वल रमण सिंह ने आज कांग्रेस का दामन थाम लिया। रमण सिंह प्रयागराज लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव से पहले यूपी में समाजवादी पार्टी को झटका लगा है। पूर्व विधायक उज्ज्वल रमण सिंह ने आज यानी मंगलवार को सपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया। बता दें, रमण सिंह यूपी के प्रयागराज लोकसभा सीट (Prayagraj Lok Sabha Seat) से कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगे। आज यूपी कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे (Avinash Pandey) और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने उज्ज्वल रमण को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इस दौरान यूपी कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय (Avinash Pandey) ने कहा कि प्रयागराज गांधी परिवार का क्षेत्र माना जाता रहा है। और इस क्षेत्र से उज्ज्वल रमण सिंह का चुनावी मैदान में आना कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण है। माना जा रहा है कि रमण सिंह के आने से कांग्रेस को प्रयागराज लोकसभा क्षेत्र में ताकत मिलेगी।
वहीं, रमण सिंह ने कहा कि संविधान खतरे में है। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) में बीजेपी का विरोध करने के लिए हम सभी एकजुट हैं। उन्होंने आगे कहा कि दोनों पार्टी के नेताओं का विश्वास मिला है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहीत पार्टी के अन्य नेताओं की सहमति के साथ प्रयागराज लोकसभा क्षेत्र से मुझपर विश्वास जताया गया है। कोशिश होगी कि प्रयागराज लोकसभा सीट पार्टी के खाते में डाल सकूं।