
Smit Machchhar: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में अपनी जान पर खेलकर 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वस्थ होने और मंगलकामना के लिए प्रयागराज के प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर विशेष पूजा-अर्चना एवं गंगा आरती का आयोजन किया गया।
दशाश्वमेध घाट पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं और पुरुष हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर एकत्र हुए। इस दौरान बाबा भोलेनाथ का गेंदे के फूलों की मालाओं से भव्य श्रृंगार किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं और महिलाओं ने बारी-बारी से शिवलिंग पर जल अर्पित किया और हाथों में दीप लेकर मां गंगा और भगवान शिव की आरती उतारी। सभी ने एक स्वर में कैप्टन स्मित के अदम्य साहस की सराहना करते हुए उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
दरअसल, यह घटना फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 से जुड़ी है। विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था और उसमें 170 से अधिक यात्री सवार थे। बुधवार को उड़ान के दौरान कॉकपिट में कैप्टन और को-पायलट के बीच हिंसक झड़प हो गई।
बताया गया है कि भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर उनके ओमानी को-पायलट ने चाकू से हमला कर दिया। इस घटना के बाद विमान अचानक तेजी से नीचे आने लगा। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, कुछ ही समय में विमान हजारों फीट नीचे आ गया।
हमले में कैप्टन स्मित मच्छर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने विमान की स्थिति संभालने की कोशिश की और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। इसके बाद यात्री और क्रू मेंबर कॉकपिट तक पहुंच सके और आरोपी को काबू करने में मदद की। विमान में मौजूद अन्य पायलटों ने भी नियंत्रण संभालने में सहयोग किया। आखिरकार विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गंभीर खतरे और चोटों के बावजूद कैप्टन ने दूसरों की जान बचाने का अद्भुत साहस दिखाया और उनकी बहादुरी से बड़ी त्रासदी टली। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें "सच्चा हीरो" बताया। इजराइली राष्ट्रपति हर्जोग ने भी उनका आभार जताया।
यूएई में भारतीय दूतावास ने गुरुवार को बताया कि कैप्टन मच्छर ठीक हैं हैं। नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने भी उनके साहस की सराहना की। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को कैप्टन के चाचा-चाची से मुलाकात की।
Updated on:
02 Oct 2026 09:21 am
Published on:
02 Oct 2026 08:55 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
