विदेश

फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार की हालत बेहतर, भारतीय राजदूत ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

Captain Smit Machhar: फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की हालत अब बेहतर है। भारतीय राजदूत दीपक मित्तल ने UAE के अस्पताल में उनसे और उनके परिवार से मुलाकात की।
2 min read
• •
Oct 01, 2026
Smit Machchhar biography
कैप्टन स्मित मच्छार (फोटो सोर्स-@sanatani_haqse)

Smit Machchhar Health Update: फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की हालत अब बेहतर है और वह खतरे से बाहर हैं। भारतीय दूतावास के मुताबिक, वह अस्पताल में इलाज के दौरान अच्छी तरह ठीक हो रहे हैं। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल पहुंचकर कैप्टन मच्छर और उनके परिवार से मुलाकात की। पायलट को उड़ान के दौरान सह-पायलट ने चाकू मार दिया था।

भारतीय दूतावास ने दी जानकारी

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि कैप्टन मच्छार की सेहत अच्छी है और वह तेजी से ठीक हो रहे हैं। दूतावास ने कहा कि भारतीय अधिकारी उनके इलाज और स्वास्थ्य को लेकर स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। राजदूत दीपक मित्तल ने UAE सरकार का भारतीय पायलट को इलाज और मदद देने के लिए धन्यवाद भी दिया।

अबू धाबी लाया गया पायलट

तबुक के एक अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद कैप्टन मच्छर को बेहतर इलाज के लिए अबू धाबी ले जाने की व्यवस्था की गई थी। कैप्टन मच्छार के पास कमर्शियल एविएशन में 13 साल से ज्यादा का अनुभव है। उनके पास करीब 9,750 घंटे की उड़ान का अनुभव है और वह मुख्य रूप से बोइंग 737 विमान उड़ाते रहे हैं।

सह-पायलट ने किया था हमला

दुबई से तेल अवीव (इजरायल) जा रही फ्लाइट में सह-पायलट ने कॉकपिट के अंदर कैप्टन मच्छार पर चाकू से हमला किया और विमान का कंट्रोल अपने हाथ में लेने की कोशिश की। गंभीर चोट के बावजूद कैप्टन मच्छार ने सूझबूझ दिखाई और दूसरे क्रू मेंबर्स को कॉकपिट में आने का रास्ता दिया।

174 यात्रियों की बचाई जान

घटना के दौरान कैप्टन मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में क्रू मेंबर्स और यात्रियों को अंदर पहुंचने का मौका मिला। इसके बाद हमलावर को काबू किया गया। इस घटना में विमान में सवार सभी 174 लोगों की जान बच पाई। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।

नेतन्याहू ने दी सह-पायलट की जानकारी

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि हमलावर सह-पायलट से पूछताछ की जा रही है। उनके मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह इस्लामी कट्टरपंथी विचारों से प्रभावित था और आत्मघाती हो सकता था। नेतन्याहू ने कहा कि वह विमान को क्रैश करने की कोशिश कर रहा था।

Updated on:
01 Oct 2026 09:47 pm
Published on:
01 Oct 2026 09:16 pm