
Captain Smit Machchhar (Photo source: X/@IsraelMFA)
Smit Machchhar Health Update: फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार को अब आगे के इलाज के लिए एयरलिफ्ट करके अबू धाबी ले जाया जा रहा है। इससे पहले बुधवार को स्मित मच्छार को उत्तर-पश्चिम सऊदी अरब के तबुक शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने फ्लाईदुबई के विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की को-पायलट की कोशिश को नाकाम किया था।
फ्लाईदुबई के विमान में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हिम्मत नहीं हारी और कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिसके बाद यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू किया। विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद कैप्टन स्मित का इलाज शुरू हुआ। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उन्हें बेहतर ईलाज के लिए सऊदी अरब से अबू धाबी एयरलिफ्ट किया गया है।
इस घटना के बाद अब भारतीय लोग उनके जल्दी स्वस्थ होने के लिए पूजा और प्रार्थना कर रहे हैं। दिल्ली के कालकाजी मंदिर में एक स्थानीय निवासी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना और पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि हम कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करने और मां कालका का आशीर्वाद लेने कालकाजी मंदिर आए हैं। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर कई लोगों की जान बचाई है। इसके अलावा दिल्ली के झंडेवालन हनुमान मंदिर में कैप्टन स्मित मच्छर के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना और पूजा-अर्चना की गई।
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी किए बयान के अनुसार, इस घटना की गंभीरता को देखते हुए यूएई ने पब्लिक प्रॉसिक्यूशन की एक विशेष टीम गठित कर जांच के आदेश दिए हैं। UAE के विदेश मंत्रालय ने कहा कि जांच में इस बात का भी पता लगाया जाएगा कि क्या इस घटना के पीछे कोई आतंकवादी मंशा, पूर्व नियोजित साजिश या कोई संदिग्ध निर्देश था। साथ ही ये भी कहा गया है कि ये विमान UAE में पंजीकृत है, इसलिए इस पर UAE के कानून और न्यायिक अधिकार क्षेत्र लागू होते हैं। बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 ने इमरजेंसी कोड और हाइजैकिंग कोड भेजे थे। इसके बाद विमान 34,000 फुट की ऊंचाई से तेजी से नीचे गिरकर 17,000 फुट पर आ गया था।
Updated on:
01 Oct 2026 06:04 pm
Published on:
01 Oct 2026 05:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
