एक निजी मिडिया संस्थान द्वारा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के परिवार पर महाभारत के प्रसंग से जोड़कर लिखी गई खबर से बवाल मचा हुआ है। इस स्टोरी को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता खासा नाराज हैं। इस पर अखिलेश यादव ने भी ट्वीट कर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
UP NEWS: एक निजी मीडिया संस्थान द्वारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके परिवार पर महाभारत के प्रसंग से जोड़कर लिखी गई खबर से काफी बवाल मचा हुआ है। यह पूरा विवाद देश के प्रसिद्ध मीडिया ग्रुप की एक कवर स्टोरी को लेकर शुरू हुआ है, जिसमें महाभारत के गांधारी के श्राप का जिक्र करते हुए उसे सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के परिवार से जोड़ दिया गया है। अब इस खबर को लेकर पूरे प्रदेश में सपा नेता और कार्यकर्ता संस्थान का विरोध कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि इस लेख को प्रकाशित करने वाला संस्थान माफी नहीं मांगता तो यह विरोध उसके खिलाफ आंदोलन का रूप लेगा।
गांधारी के श्राप का किया गया जिक्र
मीडिया संस्थान ने अपनी कवर स्टोरी में महाभारत के एक प्रसंग का सहारा लिया है। स्टोरी के मुताबिक, महाभारत में गांधारी ने भगवान श्रीकृष्ण को श्राप दिया था कि यदुवंश आपसी लड़ाई के चलते नष्ट हो जाएगा, और मीडिया संस्थान ने इसी श्राप का असर मुलायम सिंह यादव के वंश पर भी बताया। खबर में यह भी लिखा है कि इसी श्राप के चलते यादव परिवार में आपस में जमकर सिर फुटव्वल है। परिवार की राजनीति का ग्राफ पतन की ओर बढ़ रहा है। वहीं इस खबर से समाजवादी पार्टी के नताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। बुधवार को इस खबर के विरोध में सपाइयों ने लखनऊ में विरोध प्रदर्शन भी किया।
अखिलेश यादव ने भी दी तीखी प्रतिक्रिया
सपा संस्थापक के परिवार पर छपी खबर से मचे विवाद पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने खबर प्रकाशित करने वाले मीडिया संस्थान के विरोध में ट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि कुछ मीडिया हाउस हमारे महाकाव्यों की बातों और संदर्भों को गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहे हैं। जिससे इन माहाकाव्यों को मानने वालों की भावनाओं को आहत भी कर रहे हैं। इस ट्वीट में उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा है। अखिलेश यादव के इस ट्वीट से उनका विरोध साफ़ दिखाई दे रहा है।