UP Weather: मौसम विभाग के मुताबिक, 30 मार्च रविवार को प्रदेश के पश्चिमी और बुंदेलखंड क्षेत्रों में गर्म हवाएं चलेंगी और लू जैसे हालात बन सकते हैं।
UP Weather: पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है। शनिवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन धूप की तीव्रता के कारण लोगों को गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिली। तेज धूप के चलते दोपहर के समय लोग परेशान नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 1 अप्रैल से प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी भी बढ़ेगी।
शनिवार को सबसे अधिक तापमान बांदा जिले में 39.6 डिग्री सेल्सियस और बस्ती में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट जरूर हुई, लेकिन गर्मी पर इसका खास असर नहीं पड़ा।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बताया कि हवा की गति तेज होने और वातावरण में नमी कम होने की वजह से दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश का तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 30 मार्च रविवार को प्रदेश के पश्चिमी और बुंदेलखंड क्षेत्रों में गर्म हवाएं चलेंगी और लू जैसे हालात बन सकते हैं। तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी संभव है। इसके अलावा, 31 मार्च को पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का असर तेज होगा और तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 1 अप्रैल से पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। गर्म हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा और कुछ जिलों में धूल भरी आंधी भी चलने की संभावना है।