उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश एक बार फिर रफ्तार पकड़ने वाली है। पिछले कुछ दिनों से बारिश में आई कमी के बाद शनिवार से प्रदेश में बादलों की सक्रियता दोबारा बढ़ेगी।
उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश एक बार फिर रफ्तार पकड़ने वाली है। पिछले कुछ दिनों से बारिश में आई कमी के बाद शनिवार से प्रदेश में बादलों की सक्रियता दोबारा बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा नया चक्रवाती परिसंचरण यूपी के मौसम को बदल देगा। इसके असर से 30 अगस्त से राज्य के दक्षिणी जिलों में अच्छी बारिश शुरू होगी और धीरे-धीरे यह पश्चिमी यूपी तक पहुंचेगी।
मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश के किसी भी हिस्से में भारी बारिश की संभावना से इनकार किया है। हालांकि, इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिलेगी। गुरुवार को हाथरस में सबसे अधिक 52 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा सिस्टम यूपी में एक बार फिर से बारिश लाएगा। उन्होंने कहा कि 30 अगस्त से दक्षिणी जिलों में बारिश का दौर शुरू होगा, जबकि रविवार तक पश्चिमी यूपी भी इसकी चपेट में आ जाएगा। इसका असर पूरे प्रदेश में तीन से चार दिन तक दिखेगा।
पिछले कुछ दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को इस बारिश से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर ग्रामीण इलाकों में धान और खरीफ की फसलों के लिए यह बारिश बेहद फायदेमंद साबित होगी। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल किसी भी जिले के लिए भारी बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन अगले हफ्ते तक लगातार अच्छी बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।