मौसम विभाग के अनुसार, लगातार दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के कारण 22 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश शुरू हो सकती है। यह बारिश 5 से 6 दिन तक जारी रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में मौसम बदलने वाला है। 22 जनवरी से प्रदेश में बारिश के आसार बन रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर से फिलहाल ठंड से राहत मिली है और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लखनऊ समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान बढ़ा है, जिससे रात की ठंड कम महसूस की जा रही है। साथ ही कोहरे का असर भी पहले के मुकाबले घटा है।
मौसम विभाग के अनुसार, लगातार दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के कारण 22 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश शुरू हो सकती है। यह बारिश 5 से 6 दिन तक जारी रहने की संभावना है। इसका असर धीरे-धीरे पूर्वी उत्तर प्रदेश तक भी पहुंचेगा, जिससे कई जिलों में व्यापक बारिश हो सकती है।
रविवार देर रात प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई थी। सोमवार को दिन में मौसम साफ रहा और तापमान में अच्छी बढ़ोतरी महसूस की गई। राजधानी लखनऊ में दो दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में करीब 7 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवाओं की दिशा बदल रही है। हवा पूर्वा से पछुआ हो गई है। बादलों की मौजूदगी के कारण पिछले 24 घंटों में कई जगह हल्की बारिश हुई है। तापमान बढ़ने के कारण ठंड की तीव्रता में कमी आई है। न्यूनतम तापमान में औसतन 4 से 6 डिग्री और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर होने के बाद अगले 48 घंटों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की हल्की गिरावट आ सकती है, लेकिन तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहेगा। कोहरे में कमी आने से फिलहाल ठंड से राहत बनी रहने की संभावना है।