पुणे

हाथ में बंदूक और चाकू… आंखों में खून; प्रेमी की पत्नी पर महिला ने किए एक दर्जन वार, लाश के पास खड़ी रही कातिल

Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में अवैध संबंधों के चलते एक महिला ने अपने प्रेमी की पत्नी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी महिला शीला सोनार पूरी तैयारी के साथ बंदूक और चाकू लेकर प्रेमी के घर पहुंची थी। वारदात के बाद पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

2 min read
Apr 25, 2026
देवर के साथ रहने पर पूर्व पति ने दिनदहाड़े कुल्हाड़ी से की महिला की हत्या, एक दिन पहले हुआ था दोनों के बीच झगड़ा(photo-patrika)
देवर के साथ रहने पर पूर्व पति ने दिनदहाड़े कुल्हाड़ी से की महिला की हत्या, एक दिन पहले हुआ था दोनों के बीच झगड़ा(photo-patrika)

Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रिश्तों के त्रिकोण और अवैध संबंधों के चलते एक खूनी खेल खेला गया। यहां एक 45 वर्षीय महिला, शीला सोनार ने अपने प्रेमी की पत्नी साधना सोनपाटकर की सरेआम हत्या कर दी। 22 अप्रैल की सुबह हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। हैरान करने वाली बात यह है कि जब यह खूनी संघर्ष चल रहा था, तब पड़ोसी अंदर जाने के बजाय बाहर से वीडियो बनाते रहे।

पूरी तैयारी के साथ पहुंची थी हमलावर

महाराष्ट्र पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी शीला सोनार बुधवार सुबह करीब 10 बजे घातक हथियारों से लैस होकर साधना के घर पहुंची थी। उसके पास एक बंदूक, चाकू और मिर्च स्प्रे था। घर में घुसते ही उसने साधना पर बंदूक तान दी, लेकिन वहां मौजूद साधना की सास ने बहादुरी दिखाते हुए बंदूक छीनकर बाहर फेंक दी।

चाकू से किए एक दर्जन से ज्यादा वार

बंदूक हाथ से निकलने के बाद भी शीला रुकी नहीं। उसने अपने साथ लाए चाकू से साधना पर हमला बोल दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपी महिला ने साधना के शरीर पर एक दर्जन से ज्यादा बार चाकू से वार किए। हमले के दौरान साधना की सास ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन वह उसे बचा नहीं पाईं। खून से लथपथ साधना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

खौफ के कारण वीडियो बनाते रहे लोग

इस पूरी घटना का एक भयावह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में मृतका जमीन पर पड़ी दिख रही है और आरोपी शीला हाथ में खून से सना चाकू लिए पास ही खड़ी है। वारदात के समय पड़ोसी इतने डरे हुए थे कि कोई भी साधना को बचाने के लिए घर के अंदर नहीं घुसा, बल्कि लोग दूर से ही मोबाइल फोन में वीडियो रिकॉर्ड करते रहे।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी शीला सोनार को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि साधना की सास इस मामले की सबसे अहम गवाह हैं। शुरुआती जांच में हत्या की वजह अवैध संबंधों को माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी गहनता से जांच कर रही है।

Published on:
25 Apr 2026 06:21 pm