
Pune Rain Alert: महाराष्ट्र के पुणे (Pune Heavy Rainfall) जिले में बीते कई दिनों से मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए जिले के अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट (Red Alert) जारी किया है। पुणे में अगले दो दिनों के लिए बहुत भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए जिले के पर्यटन स्थलों (Tourist Spot) में चार से अधिक लोगों के एकत्रित होने पर रोक लगाते हुए धारा 144 लागू कर दी गई है।
पुणे नगर निगम (पीएमसी) ने भी सभी प्राइवेट कंपनियों से इस दौरान वर्क-फ्रॉम-होम मोड में काम करने का अनुरोध किया है। इससे पहले पीएमसी (PMC) ने घोषणा की कि पुणे जिले और आसपास के पिंपरी चिंचवाड़ (Pimpri Chinchwad) क्षेत्र के सभी स्कूल गुरुवार को भारी बारिश की भविष्यवाणी के कारण बंद रहेंगे। यह भी पढ़े-Lonavla No Entry: शाम 5 बजे के बाद लोनावला में पर्यटकों की एंट्री बंद, पुलिस ने इस वजह से लिया फैसला
पुणे में मौसम पूर्वानुमान विभाग (आईएमडी) के प्रमुख अनुपम कश्यपी (Anupam Kashyapi) ने कहा, "अरब सागर से तेज पछुआ हवाएं चल रही हैं, जिससे कोंकण-गोवा-मध्य महाराष्ट्र पर हवा का कन्वर्जेन्स हो रहा है।"
उन्होंने कहा “इन सभी मौसम प्रणालियों के कारण अगले 48 घंटों तक पुणे और महाराष्ट्र में बारिश की गतिविधियों में बहुत कमी नहीं होगी। बुधवार को बारिश की गतिविधि चरम पर होने की संभावना है, जिसके बाद बारिश की तीव्रता में मामूली गिरावट हो सकती है।”
बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून (Southwest Monsoon) का महाराष्ट्र पर जोरदार प्रभाव देखने को मिल रहा है, जिसके परिणामस्वरूप राज्य के मध्य भाग के कोंकण और घाट क्षेत्रों में तीव्र बारिश हो रही है।