पुणे

अशाढ़ी वारी में मातम: श्रद्धालुओं की भीड़ में घुसा ट्रक, 3 महिला वारकरी की मौत; सरकार ने चार-चार लाख रुपए के मुआवजे का किया ऐलान

Ashadi Wari Accident: महाराष्ट्र के पुणे में अशाढ़ी वारी यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। श्रद्धालुओं के जत्थे में ट्रक घुसने से तीन महिला वारकरियों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गईं। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता और घायलों के मुफ्त इलाज का ऐलान किया।
2 min read
Jul 13, 2026
Ashadi Wari Accident
हादसे के बाद महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। फोटो सोर्स-ANI

Ashadi Wari Accident: महाराष्ट्र की प्रसिद्ध अशाढ़ी वारी यात्रा सोमवार को दर्दनाक हादसे की वजह से मातम में बदल गई। पुणे जिले के जेऊरी इलाके में वारकरी श्रद्धालुओं की डिंडी के साथ चल रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर महिलाओं के समूह में जा घुसा। हादसे में तीन महिला श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

हादसे की सूचना मिलते ही महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार अस्पताल पहुंचीं और घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने इस घटना को दुखद बताते हुए कहा कि जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके दुख की भरपाई नहीं की जा सकती। राज्य सरकार मृतक महिलाओं के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता देगी। साथ ही सभी घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी सरकार उठाएगी।

घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए

सुनेत्रा पवार ने डॉक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों से इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कुछ महिलाओं के हाथ-पैर में फ्रैक्चर है, जबकि कुछ को हल्की चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल नियंत्रण में है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इलाज में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए और हर घायल को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

ट्रक चालक हिरासत में, पूछताछ जारी

पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि ट्रक चालक ने सुबह कोई दवा ली थी। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि हादसा दवा के असर से हुआ या किसी और वजह से। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों का खुलासा जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। जानकारी के मुताबिक यह हादसा सासवड-जेऊरी मार्ग पर बेलसर टोल नाके से कुछ दूरी आगे हुआ। दुर्घटना में शामिल ट्रक नांदेड़ जिले की एक डिंडी के साथ चल रहा था, जबकि जिस समूह को टक्कर लगी, वह सांगली जिले की वारकरी डिंडी का हिस्सा था। हादसे के बाद पुलिस ने करीब 70 वर्षीय ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। मामले में कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

अशाढ़ी वारी महाराष्ट्र की धार्मिक यात्राओं में गिनी जाती है। हर साल लाखों श्रद्धालु भगवान विट्ठल के दर्शन के लिए कई दिनों तक पैदल चलकर पंढरपुर पहुंचते हैं। ऐसे आस्था से जुड़े आयोजन के दौरान हुआ यह हादसा पूरे महाराष्ट्र को झकझोर गया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के हर पहलू की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इतनी बड़ी लापरवाही आखिर कैसे हुई।

Updated on:
13 Jul 2026 02:07 pm
Published on:
13 Jul 2026 02:07 pm