कांग्रेस के गढ़ कहे जाने वाले रायबरेली से दो बेटियों की विदाई होने वाली है।
रायबरोली. कांग्रेस के गढ़ कहे जाने वाले रायबरेली से दो बेटियों की विदाई होने वाली है। कांग्रेस विधायक अदिति सिंह का विवाह 21 नवम्बर को है, तो वहीं भारतीय जनता पार्टी एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह की बेटी मालविका 23 नवम्बर को सात फेरे लेंगी। इन दोनों ही शादियों को लेकर रायबरेली की जनता बेहद उत्साहित हैं, हालांकि भाजपा एमएलसी की बेटी की ही शादी का समारोह यहां होने जा रहा है, जिसमें जिले के लगभग सभी लोग आमंत्रित हैं। तो वहीं अदिति सिंह दिल्ली में ही पंजाब से कांग्रेस विधायक अंगद सैनी के साथ शादी करेंगी। रायबरेली में उनकी शादी से जुडे़ किसी भी कार्यक्रम की जानकारी नहीं है। वैसे अदिति सिंह पहले ही कह चुकी है उनकी शादी बहुत ही सरल तरीके से की जा रही है। लेकिन रायबरेली, जहां से वह विधायक हैं व जहां पर उनके पिता अखिलेश सिंह ने जीवन भर राजनीतिक संघंर्ष किया, वहां की जनता उनके कार्यक्रम में अमंत्रित न किए जाने से खुश नहीं हैं।
भाजपा ने जनपद में बांटे 70000 कार्ड-
उधर दिनेश सिंह ने अपनी बेटी की शादी में संपूर्ण जनपद को बुलाया है। लगभग 58000 शादी के कार्ड बांटे जा चुके हैं, वहीं 12 हजार कार्ड और बांटे जाने बाकी है। अब इनमें से कितने लोग शादी समारोह में पहुंचेंगे यह कहना मुश्किल, लेकिन आमंत्रित होने से सभी लोगों को अपनेपन का एहसाह तो हो ही रहा है। इससे संदेश स्पष्ट है कि दिनेश सिंह पूरे रायबरेली को अपने परिवार की तरह मानते हैं। अपनी खुशी में सभी को शरीक करना चाहते हैं।
वहीं कांग्रेस विधायक को लेकर स्थानीय लोगों में असमंजस की स्थिति है। आमंत्रित न होने से लोगों में नाराजगी तो हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद भी है कि अदिति आगामी दिनों में कोई कार्यक्रम रख सकती है।