
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल (ANI Photo)
Anupriya Patel: रायबरेली में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने INDIA गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दल लोकतंत्र और भीड़तंत्र के बीच का अंतर भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि आज सबसे बड़ा दुर्भाग्य यह है कि लोकतंत्र और भीड़तंत्र के बीच में क्या अंतर होता है, यह हमारे महागठबंधन के साथी भूल चुके हैं। आज इन्होंने जिस प्रकार से देश की राजधानी में सड़कों पर अराजकता फैलाई हुई है, यह बहुत ही दुखद है। यह लोग लगातार एक के बाद एक चुनाव हार रहे हैं, उसका सबसे बड़ा कारण है कि न कोई नेता है, न कोई नीति है, न नियत है और न ही कोई एजेंडा है।
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 17 अक्टूबर उनकी पार्टी के लिए बहुत महत्वपूर्ण तारीख है, क्योंकि इस दिन पार्टी के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल का 17वां परिनिर्वाण दिवस है। इस मौके पर प्रतापगढ़ में बड़े स्तर पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता डॉ. सोनेलाल पटेल को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंच रहे हैं और वह भी इसमें शामिल होने जा रही हैं।
अनुप्रिया पटेल के दौरे को लेकर अपना दल (एस) के जिला संगठन में उत्साह है। पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कई दिनों से कार्यक्रम की तैयारियां कर रहे हैं। जनसभा स्थल पर टेंट लगाने, मंच तैयार करने और साउंड सिस्टम की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। पार्टी का दावा है कि सभा में 10 से 20 हजार कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हो सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनसभा स्थल और उसके आसपास 250 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। इसके अलावा, लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस भी तैनात रहेगी।
जनसभा में बड़ी भीड़ पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सभा स्थल के आसपास चार अलग-अलग पार्किंग बनाई हैं। इससे कार्यक्रम में आने वाले लोगों के वाहनों को खड़ा करने में सुविधा होगी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर जरूरी इंतजाम किए गए हैं। जनसभा के दौरान अनुप्रिया पटेल प्रतापगढ़ के विकास से जुड़ी कई घोषणाएं कर सकती हैं। हालांकि, इन घोषणाओं को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
Updated on:
17 Oct 2026 02:03 pm
Published on:
17 Oct 2026 01:47 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
