रायबरेली

‘भाई के हत्यारे के सामने टेके घुटने’, अजय राय पर CM योगी का तीखा प्रहार, जानिए क्या है पूरा मामला

CM Yogi Adityanath: रायबरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने अजय राय के भाई 'अवधेश राय हत्याकांड' और मछली भोज को लेकर कांग्रेस नेता को घेरा। जानिए पूरा मामला...
2 min read
Aug 24, 2026
CM Yogi Adityanath
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फोटो- पत्रिका)

UP Politics:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राणा बेनी सिंह माधव की जयंती पर रायबरेली में एक उद्घाटन सामारोह में पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर जमकर जुबानी हमला बोला है। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने अजय राय के भाई 'अवधेश राय हत्याकांड' का भी प्रमुखता से जिक्र किया। इस दौरान सीएम योगी ने अजय राय पर कुख्यात माफिया मुख्तार अंसारी के सामने घुटने टेकने का आरोप लगाया।

माफिया के खिलाफ गवाही देने तक नहीं गए

सीएम योगी आदित्यनाथ रायबरेली में राणा बेनी माधव की जयंती के खास अवसर पर 50 करोड़ रुपये की लागत से बने एक नए सभागार का भव्य उद्घाटन करने पहुंचे थे। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बिना नाम लिए अजय राय पर जोरदार प्रहार किया। योगी ने कहा कि यूपी के एक दुर्दांत माफिया ने इनके भाई की हत्या कर दी थी लेकिन कांग्रेस का यह प्रदेश अध्यक्ष अपने सगे भाई के हत्यारे के खिलाफ अदालत में गवाही देने तक नहीं पहुंचा। उसने उस खूंखार माफिया के सामने अपने घुटने टेक दिए थे। सीएम ने आगे कहा कि जब प्रदेश में हमारी सरकार आई तो उस माफिया को इतना रगड़ा गया कि उसकी सारी हेकड़ी निकल गई।

मछली भोज को लेकर कांग्रेस पर कसा तंज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में अयोध्या में अजय राय के हनुमानगढ़ी दर्शन और उसके बाद मछली खाने वाले विवाद पर भी उन्हें आड़े हाथों लिया। योगी ने कांग्रेस नेता के आचरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये लोग मंदिर में जाकर बजरंगबली के सामने दंडवत होने का ढोंग करते हैं और राम राम चिल्लाते हैं लेकिन मंदिर के बाहर जाते ही मछली की दावत उड़ाते हैं। सीएम ने कड़े शब्दों में कहा कि इनकी बेशर्मी की भी एक सीमा होती है। अगर मछली ही खानी थी तो अयोध्या के बाहर जाकर खा लेते। योगी ने अजय राय की तुलना गिरगिट से करते हुए कहा कि इनका ऐसा दोहरा आचरण देखकर तो गिरगिट भी पूरी तरह से शर्मा जाए।

क्या है 'अवधेश राय हत्याकांड' मामला

आपको बता दें कि कांग्रेस के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के बड़े भाई अवधेश राय की 3 अगस्त 1991 को वाराणसी में उनके घर के ठीक बाहर गोलियों से भूनकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस बेहद सनसनीखेज हत्याकांड में पूर्वांचल के कुख्यात माफिया मुख्तार अंसारी का नाम मुख्य रूप से सामने आया था। बताया जाता है कि उस मनहूस दिन अवधेश राय अपने छोटे भाई अजय राय के साथ अपने घर के बाहर खड़े थे तभी अचानक एक मारुति वैन में आए हथियारबंद बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी।