कांग्रेस को चुनाव में मजबूती प्रदान करने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज रायबरेली पहुंची।
रायबरेली. पांचवे चरण के चुनाव से पहले यूपी में एकाएक अखिलेश-मायावती बनाम राहुल-प्रियंका का मुकाबला देखने को मिल रहा है। यही नहीं बुधवार को ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव व बसपा सुप्रीमो मायावती ने कांग्रेस पर भाजपा को अंदर ही अंदर फायदा पहुंचाने तक का आरोप लगाया है। इसके जवाब में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने साफ किया है कि वह भाजपा को फायदा पहुंचाने से बेहतर मरना पसंद करेंगी।
प्रियंका गांधी गुरुवार को रायबरेली में थी जहां उन्होंने मीडिया द्वारा उनकी पार्टी पर लगाए जा रहे उक्त आरोपों के सवाल पर कहा कि कांग्रेस अपने बलबूते चुनाव लड़ रही है। सभी जगहों पर हमारे प्रत्याशी मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि मैं भाजपा को फायदा पहुंचाने से बेहतर मरना पसंद करूंगी। हमने उन प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है जो मजबूती से लड़ रहे हैं या फिर भाजपा का वोट काट रहे हैं।
सपा की जनसभा में शामिल हुई प्रियंका-
इससे पहले उन्होंने समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित जनसभा में शिरकत कर लोगों को हैरान कर दिया। उन्होंने जनसभा को संबोधित भी किया। दरअसल यह जनसभा सपा विधायक मनोज पांडेय द्वारा ऊंचाहार में आयोजित की गई थी। आपको बता दें कि कांग्रेस प्रत्याशी सोनिया गांधी के खिलाफ सपा-बसपा ने रायबरेली में कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। बल्कि वे सोनिया गांधी का समर्थन कर रहे हैं। वहीं पूर्व कांग्रेस नेता दिनेश सिंह भाजपा से इस बार रायबरेली लोकसभा सीट से चुनाव लड़े रहे हैं।
प्रियंका ने दिया बयान-
कांग्रेस महासचिव ने जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी को धन्यवाद कहा। उन्होंने आगे कहा कि हम सभी सांप्रदायिक ताकतों को हराने के लिए लड़ रहे हैं।