रायगढ़

पड़ोसी ने तीन बच्चों की मां का UP में 21 हजार में कर दिया सौदा, महिला बोली – कराते थे ये काम

रायगढ़ जिले में डेढ़ महीने से बिलख रहे तीन मासूमों के चेहरे पर उस वक्त खुशी लौट आई, जब पुलिस ने उनकी मां को उनसे मिलवा दिया।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2017, 2:51 PM IST
women trafficking in uttar pradesh

रायगढ़/जितेंद्र कुमार मेहर. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक एेसा मामला सामने आया, जहां डेढ़ महीने से बिलख रहे तीन मासूमों के चेहरे पर उस वक्त खुशी लौट आई, जब पुलिस ने उनकी मां को उनसे मिलवा दिया। बच्चों की मां को दिल्ली में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उत्तरप्रदेश में 21 हजार रुपए में बेच दिया गया था।

पुलिस ने बेचने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रायगढ़ के जूटमिल चौकी अंतर्गत बजरंगडीपा में 25 वर्षीय पीडि़त महिला अपने दो लड़के और एक लड़की के साथ रहती है, जबकि उसके पति का निधन हो गया है। पीडि़ता मजदूरी कर अपने बच्चों का लालन-पालन कर रही थी।

पुलिस ने बताया, इसी बीच पड़ोस में रहने वाली पदमा महंत और उसके पति बजरंग महंत ने 8 अक्टूबर को पीडि़ता से कहा कि वह उसे दिल्ली में अच्छा काम दिला देंगे, जिससे उसके बच्चों की जिंदगी संवर जाएगी। उन्होंने पीडि़ता को उक्त बात किसी से नहीं बताने को भी कहा।

पीडि़त महिला आरोपी दंपती के प्रलोभन में आ गई और 8 अक्टूबर को ही उनके साथ चली गई। आरोपी दंपती ने महिला को दिल्ली न ले जाकर उत्तरप्रदेश के महोबा जिला कबरई थाना क्षेत्र के ममता ठाकुर के घर ले गए। जहां पीडि़त महिला को ममता ठाकुर के पास 21 हजार रुपए में बेच दिया। इसके बाद आरोपी दंपती वापस रायगढ़ आ गए।

बंद रखते थे कमरे में
8 अक्टूबर को महिला को खरीदने के बाद ममता ठाकुर ने 9 नवंबर को पीडि़त महिला की अपने विक्षिप्त भाई महेश ठाकुर के साथ बांदा न्यायालय में जबरदस्ती शादी करवा दी। इसके बाद दोनों-भाई बहन महिला को घर का सारा कामकाज कराकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त करने लगे। यहां तक कि महिला को एक कमरे में बंद करके रखते थे।

घर में कहा, जा रही हूं बैंक
पुलिस ने बताया, बच्चों को ननद को सौंपकर पीडि़ता बोली, वह बैंक जा रही है। इसके बाद देर शाम तक वह घर नहीं लौटी तो दूसरे दिन ननद ने जूटमिल चौकी में अपनी भाभी के गुम हो जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की विवेचना कर रही थी। 13 नवंबर को पीडि़ता ने देवर के मोबाइल पर घटना की जानकरी दी।

देवर के मोबाइल पर आए नंबर का कॉल डिटेल निकालकर जूटमिल पुलिस उत्तरप्रदेश पहुंच गई और ममता ठाकुर के चंगुल से पीडि़ता को छुड़ाकर वापस रायगढ़ ले आई। पीडि़ता के बयान पर पुलिस ने पदमा महंत, बजरंग महंत, ममता ठाकुर व महेश ठाकुर पर अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पदमा महंत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य तीनों आरोपी फरार हैं।

रायगढ़ के एएसपी यूबीएस चौहान ने कहा कि अक्टूबर माह में बजरंगडीपा की एक महिला लापता हो गई थी। इस मामले की विवेचना की जा रही थी। बाद में पता चला कि पीडि़त महिला को यूपी में बेच दिया गया है। पुलिस यूपी से पीडि़त महिला को वापस ले आई है। इस मामले में एक महिला की गिरफ्तारी हुई है, तीन आरोपी फरार हैं, जिन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा।

Published on: