रायगढ़

CG Accident: तीन सड़क हादसों में दूल्हे समेत 4 की मौतम, ट्रेलर की टक्कर से दम्पती की गई जान

CG Accident: तीनों घटनाओं ने जिले की सड़कों पर सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर तकनीकी खराबी (ब्रेक फेल) ने एक नवविवाहित युवक की जान ले ली।

2 min read
Apr 13, 2026

CG Accident: रायगढ़ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों में तीन भीषण सड़क हादसों ने चार परिवारों को उम्र भर का गम दे दिया है। सबसे हृदयविदारक घटना कापू थाना क्षेत्र की है, जहां अपनी ही शादी का सामान वापस करने जा रहे एक दूल्हे की ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई। वहीं अन्य हादसों में एक सब्जी व्यवसायी और एक दंपती ने भी अपनी जान गंवाई है।

कापू थाना क्षेत्र के ठाकुरपोड़ी निवासी देवांगन सिदार (35) की शादी की रस्में अभी पूरी ही हुई थीं कि एक हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया। देवांगन, जो गौरेला-पेंड्रा मरवाही में बिजली विभाग में कार्यरत था, 10 अप्रैल की शाम टेंट का सामान वापस करने ट्रैक्टर से जा रहा था। तभी सतीपारा के पास ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे में देवांगन ट्रैक्टर के नीचे दब गया। परिजन उसे गंभीर हालत में रायपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। उसके तीन दोस्त भी इस हादसे में घायल हुए हैं। इन तीनों घटनाओं ने जिले की सड़कों पर सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर तकनीकी खराबी (ब्रेक फेल) ने एक नवविवाहित युवक की जान ले ली, वहीं भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार ने दो अन्य परिवारों को उजाड़ दिया। पुलिस सभी मामलों में मर्ग कायम कर आगे की विवेचना कर रही है।

ट्रेलर की टक्कर से दंपती की मौत, मासूम बेटी घायल

तीसरी घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र के अमलीडीह रोड की है। पुसौर निवासी रोहिणी चौधरी (50) अपनी पत्नी रजनी चौधरी और 14 वर्षीय बेटी भारती के साथ बाइक पर जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में रोहिणी और उनकी पत्नी रजनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल है। घायल बच्ची को तत्काल घरघोड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सड़क पार कर रहे व्यवसायी को रौंदा

शहर के उर्दना चौक पर रविवार सुबह एक और दर्दनाक हादसा हुआ। पतरापाली निवासी सब्जी व्यवसायी शेख मधु (45) अपने ई-रिक्शा में सब्जी लोड कर लौट रहा था। उर्दना तिराहे पर रिक्शा खड़ा कर वह पैदल सड़क पार कर चाय पीने जा रहा था, तभी एक अज्ञात भारी वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शेख मधु की मौके पर ही मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

Updated on:
13 Apr 2026 11:20 am
Published on:
13 Apr 2026 11:19 am
Also Read
View All