
बिहार में जाकर छत्तीसगढ़ पुलिस ने आरोपी को दबोचा (photo source- Patrika)
Liquor Shop Shooting: रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में शराब दुकान के प्राइवेट गार्ड पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में गार्ड को गोली मारकर फरार हुआ आरोपी बिहार के जमुई जिले में पकड़ा गया। छत्तीसगढ़ पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को खेत में छिपे होने के दौरान गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद की गई है।
जानकारी के मुताबिक, 17 अगस्त की रात गेरवानी स्थित शराब दुकान में ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर पटेल ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 10:30 बजे एक युवक अपने साथी के साथ शराब दुकान पहुंचा। दोनों का गार्ड से देर रात दुकान आने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर युवक ने गार्ड को जान से मारने की धमकी दी और पिस्टल निकालकर गोली चला दी। गोली चंद्रशेखर के पेट में लगी। घायल गार्ड ने किसी तरह आहाते के पीछे छिपकर अपने साथियों को सूचना दी और डायल 112 को घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही गेरवानी क्षेत्र में मजदूरों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात में शामिल युवक विवेक कुमार यादव, निवासी जमुई, बिहार, गेरवानी स्थित अग्रोहा स्टील प्राइवेट लिमिटेड में मजदूरी करता था। घटना के बाद से वह फरार था।
आरोपी की तलाश में उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार के जमुई पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से ग्राम खैरा में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस की मौजूदगी की भनक लगते ही आरोपी घर से निकलकर खेत की ओर भाग गया और वहां छिप गया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर करीब दो घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया और आरोपी विवेक कुमार यादव को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने गांव में एक व्यक्ति से 30 हजार रुपये में पिस्टल और एक गोली खरीदी थी। उसका दावा है कि वह पिस्टल अपने प्लांट के फोरमैन को डराने के लिए लेकर आया था। इसके बाद शराब दुकान में गार्ड से हुए विवाद के बाद उसने गुस्से में वापस जाकर फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वारदात में पिस्टल का इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की है।
पूंजीपथरा पुलिस ने आरोपी विवेक कुमार यादव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पिस्टल बरामद कर ली है। मामले में उसके साथी रोशन ठाकुर की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ BNS और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दूसरे राज्य में फरार आरोपी की पहचान कर बिहार तक पहुंचकर गिरफ्तारी करने और हथियार बरामद करने पर एसएसपी ने पुलिस टीम की सराहना की है।
Updated on:
22 Aug 2026 02:38 pm
Published on:
22 Aug 2026 02:38 pm
