
रायगढ़. खरसिया क्षेत्र का एक व्यक्ति लंबे समय से सब्जी बेचने वाली महिला के साथ सब्जी लेने के बहाने छेडख़ानी व अश्लील बातें करते आ रहा था। आरोपी के इस हरकत को महिला के बेटे ने देख लिया और विरोध किया तो आरोपी ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा ३५४(घ)(१), २९४, ५०६, ३२३ के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खरसिया निवासी एक महिला का बाजार में सब्जी की दुकान है। जहां वह सब्जी बेचती है। खरसिया निवासी ही मुकेश काबुलपुरिया उसी महिला के पास सब्जी खरीदने जाता है। पुलिस ने बताया कि आरोपी सब्जी खरीदने के दौरान अक्सर महिला के साथ अश्लील इशारेबाजी, कमेंट्स और छेडख़ानी करने की कोशिश करता था। महिला द्वारा विरोध करने पर भी आरोपी बाज नहीं आ रहा था। चूंकि लोकलाज और दुकानदारी ठप हो जाने के भय से महिला बीच बाजार कोई बखेड़ा खड़ा नहीं करना चाहती थी, इसलिए आरोपी का दिन ब दिन हौसला बढ़ता जा रहा था।
सात फरवरी की सुबह ०७ बजे आरोपी फिर से महिला के पास सब्जी लेने गया और छेडख़ानी करने लगा। इस बार आरोपी के इस हरकत को महिला के बेटे ने देख लिया और आरोपी को ऐसा करने से मना किया तो आरोपी मुकेश भड़क गया। वहीं महिला के बेटे की बेदम पिटाई कर दिया। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।