रायगढ़

आखिर क्यों राशि स्वीकृति के बाद भी महिला का नहीं बन सका आशियाना, किसने हजम की राशि, पढि़ए खबर…

-कार्रवाई नहीं होने पर वृद्धा एसपी के पास पहुंची तो पुसौर थाने में तत्काल अपराध दर्ज हो गया। घटना पुसौर थाना क्षेत्र की है।

2 min read
May 15, 2018

रायगढ़. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिली स्वीकृति के बाद एक वृद्धा को कुछ माह पहले ही पहली किश्त के रूप में हजारों रुपए मिले थे। जिसे उक्त क्षेत्र के ठेकेदार ने मकान निर्माण कराने के नाम पर हड़प गया। वहीं नए घर बनाने की बात कहते हुए वृद्धा के पुराने मकान को भी तोड़ दिया। इसके बाद घर का काम शुरू करवाकर कहीं फरार हो गया। वृद्धा ने घटना की शिकायत चार माह पहले पुसौर थाने में की थी, जहां पुलिस ने वृद्धा से आवेदन लेकर जांच करने की बात कहते हुए उसे ठंडे बस्ते में डाल दिया था। कार्रवाई नहीं होने पर वृद्धा एसपी के पास पहुंची तो पुसौर थाने में तत्काल अपराध दर्ज हो गया। घटना पुसौर थाना क्षेत्र की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुसल्दा निवासी ताराबाई पति मनोहर गुप्ता ५५ वर्ष के नाम से पिछले साल प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि स्वीकृत हुई थी। जिसके एवज में वृद्धा को पहला किश्त ४८००० रुपए मिला। चूंकि उस समय तरकेला निवासी ठेकेदार गौरीशंकर पटेल पुसल्दा क्षेत्र में ही घर निर्माण का कार्य कर रहा था। तभी उसे वृद्धा को रुपए मिलने की जानकारी हुई। इसके बाद उसने वृद्धा से मुलाकात कर कहा कि वह उसका मकान बनाएगा और वृद्धा से उसके खाते का एटीएम और गुप्त पिन का लिफाफा उससे ले लिया।

इसके बाद वृद्धा के मकान का काम शुरू करवाने की बात कहते हुए उसके पुराने मकान को भी तोड़ दिया और कुछ निर्माण सामग्री घर के बाहर गिरवाकर थोड़ा काम शुरू भी करवा दिया। इससे वृद्धा का ठेकेदार के प्रति विश्वास बढ़ गया। तभी वृद्धा ने अपने पास रखे २० हजार रुपए भी ठेकेदार को देते हुए यह कहा कि इसे भी मेरे खाते में डलवा देना। कुछ दिन बाद ठेकेदार अचानक से गायब हो गया। इसके बाद न तो दोबारा उसके मकान का निर्माण कार्य शुरू हुआ और न ही उसको अपना रुपए वापस मिला।

खा गया वृद्धा पेंशन
इस बीच ताराबाई अपना वृद्धा पेंशन लेने बैंक पहुंची तो उसे बैंक वालों ने खाते में रुपए नहीं होने की बात बताई। तब उसे ऐहसास हुआ कि एटीएम कार्ड तो आरोपी के ही पास है। इसके बाद उसने बैंक में घटना की जानकारी देते हुए अपने एटीएम को लॉक करवाया।

पुसौर पुलिस ने की कार्रवाई में देरी
पिछले दिनों वृद्धा मामले की शिकायत लेकर एसपी ऑफिस पहुंची हुई थी। तब उसने अपनी शिकायत में एसपी को बताया कि जनवरी २०१८ में ही उसने घटना की शिकायत पुसौर थाने में की थी, लेकिन पुलिस वृद्धा से आवेदन लेकर उसे ठंडे बस्ते में डाल चुकी थी। ऐसे में एसपी ने वृद्धा को कार्रवाई का आश्वासत दिया था। इसके बाद १३ मई की रात्रि पुसौर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा ४२० के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

Published on:
15 May 2018 01:14 pm
Also Read
View All