रायगढ़

वीआईपी सड़क का निर्माण नहीं होने पर कांग्रेसी भड़के, प्रदर्शन के साथ ही पीडब्ल्यूडी दफ्तर में जड़ दिया ताला

शहर के सर्किट हाउस से उर्दना की सड़क वीआईपी मार्ग घोषित है, लेकिन इस मार्ग की हालत पिछले कई वर्षों से खराब है।

2 min read
Jun 15, 2018
वीआईपी सड़क का निर्माण नहीं होने पर कांग्रेसी भड़के, प्रदर्शन के साथ ही पीडब्ल्यूडी दफ्तर में जड़ दिया ताला

रायगढ़. शहर के वीआईपी सड़क में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इतना ही नहीं इसके निर्माण की प्रत्याशा में इसका भूमि पूजन कर सत्ता पक्ष इसका श्रेय भी लूट चुका है। इस बात से आक्रोशित एनएसयूआई व कांग्रेस के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया।

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पीडब्ल्यूडी दफ्तर पहुंचे और वहां ताला जड़ दिया। इस हो-हंगामे के बीच पीडब्ल्यूडी के एसडीओ ने एक सप्ताह के भीतर काम शुरू कराने का आश्वासन दिया। इससे कांग्रेसी शांत हुए। वहीं यह चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह बाद भी निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे।

ये भी पढ़ें

मिलरों के तीन करोड़ के घपले पर डाली मिट्टी, अब प्रोत्साहन राशि देने की तैयारी में शासन

शहर के सर्किट हाउस से उर्दना की सड़क वीआईपी मार्ग घोषित है, लेकिन इस मार्ग की हालत पिछले कई वर्षों से खराब है। स्थिति यह है कि इस मार्ग पर एक सौ मीटर की दूरी पर एक हजार से अधिक गड्ढ़े मिल जाएंगे। इस सड़क पर आवागमन करने वाले लोग काफी परेशान है। लोगों के द्वारा लंबे समय से सड़क में जीर्णोद्धार की मांग की जा रही है।

ऐसे में इस सड़क को डीएफएम मद से बनाने की मांग उठी। ऐसे में इस सड़क के लिए डीएमएफ मद से प्रस्ताव तैयार किया गया। डीएमएफ मद से राशि स्वीकृत होने के बाद इसके निर्माण के लिए टेंडर किया जा चुका है और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद दो से तीन दिन के भीतर काम शुरू होने वाली थी, लेकिन काम शुरू हो पाता। इससे पहले ही एक ठेकेदार ने वीआईपी मार्ग के निर्माण पर स्टे ले लिया।

हालांकि यह स्टे वापस ले लिया गया, लेकिन अब तक इसमें काम शुरू नहीं हो सका है। इससे लोगों की परेशानी जस की तस है। इस बात को लेकर कांग्रेस व एनएसयूआई के पदाधिकारी पीडब्ल्यूडी विभाग पहुंचे थे। यहां सड़क निर्माण को लेकर प्रदर्शन किया गया। वहीं दफ्तर में तालाबंदी भी की।

इस बात की जानकारी मिलते ही पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहीं पीडब्ल्यूडी के एसडीओ ने एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद कांग्रेसी शांत हुए। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष जयंत ठेठवार, संजय देवांगन, शाखा यादव, राकेश पांडेय, अनिल अग्रवाल, उस्मान बेग सहित कई कांग्रेसी मौजूद थे।

प्रत्याशा में करवा दिया भूमि पूजन
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने करीब एक माह पहले ही उक्त सड़क के निर्माण के लिए भूमि पूजन करवा दिया गया। इस बात को लेकर जब कांग्रेसियों ने सवाल जवाब किया था तो विभागीय अधिकारियों का कहना था कि निर्माण शुरू किए जाने की प्रत्याशा में भूमि पूजन करवा दिया गया था। जबकि किसी भी निर्माण का वर्क आर्डर जारी होने के बाद ही निर्माण के लिए भूमि पूजन करवाया जाता है।

इस सड़क के लिए कई बार प्रदर्शन
इस सड़क का निर्माण लंबे समय से उपेक्षित है। ऐसे में लोगों के द्वारा समय-समय पर सड़क निर्माण करने के लिए मांग की जाती रही है। इसके बाद भी न तो नगर निगम ने इस ओर ध्यान दिया और ना ही जिला प्रशासन के द्वारा सड़क निर्माण को लेकर पहले की गई। ऐसे में क्षेत्र के लोग सड़क पर उतरते हुए दो बार चक्काजाम किया। तब कही जाकर सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा सका।

ये भी पढ़ें

Photo Gallery : गर्मी से राहत पाने पंचधारी एनीकट में उमड़ रही लोगों की भीड़, युवा इस तरह कर रहे मस्ती…
Published on:
15 Jun 2018 01:20 pm
Also Read
View All