रायगढ़

होली पर सनसनी! युवती को कार में जबरन बैठाकर ले गया युवक, यातायात आरक्षक ने बचाई जान…

CG News: रायगढ़ जिले में होली के त्योहार के बीच शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती को काले रंग की क्रेटा कार में जबरन बैठाकर ले जाने का प्रयास किया गया।
2 min read
Mar 02, 2026
होली पर सनसनी! युवती को कार में जबरन बैठाकर ले गया युवक, यातायात आरक्षक ने बचाई जान...(photo-patrika)
होली पर सनसनी! युवती को कार में जबरन बैठाकर ले गया युवक, यातायात आरक्षक ने बचाई जान...(photo-patrika)

CG News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में होली के त्योहार के बीच शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती को काले रंग की क्रेटा कार में जबरन बैठाकर ले जाने का प्रयास किया गया। समय रहते पुलिस की सतर्कता से युवती को सुरक्षित बचा लिया गया। इंदिरा विहार चेकपॉइंट पर तैनात यातायात आरक्षक सुनील मिश्रा की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ी घटना टल गई।

CG News: सोशल मीडिया पर फैली खबर, पुलिस हुई अलर्ट

रविवार शाम सोशल मीडिया पर युवती के कथित अपहरण की खबर तेजी से फैल गई। मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आते ही कंट्रोल रूम के जरिए शहर के सभी नाकाबंदी प्वाइंट और चेक पोस्टों को संदिग्ध काले रंग की क्रेटा कार की तलाश के निर्देश जारी किए गए। वाहन की तस्वीर विभिन्न पुलिस ग्रुप में साझा कर अलर्ट जारी किया गया।

चेकपॉइंट पर दिखी संदिग्ध कार, पीछा कर रोका वाहन

इसी दौरान इंदिरा विहार नो-एंट्री चेकपॉइंट पर तैनात आरक्षक सुनील मिश्रा की नजर संदिग्ध कार पर पड़ी। वाहन शहर की ओर बढ़ रहा था। आरक्षक ने स्टॉपर लगाकर कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए आरक्षक ने बाइक से कार का पीछा किया और अपनी बाइक कार के सामने लगाकर वाहन रुकवाया। कार सवार युवकों ने युवती की तबीयत खराब होने का बहाना बनाया, लेकिन आरक्षक ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।

पुलिस पहुंची मौके पर, थाने में पूछताछ

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चक्रधरनगर राकेश मिश्रा, थाना प्रभारी जूटमिल अभिनव कांत सिंह और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। वाहन को युवक-युवती सहित थाने लाया गया। प्रारंभिक पूछताछ में मामला पारिवारिक और आपसी विवाद से जुड़ा सामने आया। युवती ने किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं चाही। हालांकि झगड़े की परिस्थितियों को देखते हुए जूटमिल पुलिस द्वारा युवक के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

आरक्षक को मिलेगा नगद इनाम

यातायात आरक्षक सुनील मिश्रा की सतर्कता और साहस की सराहना करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने उन्हें उत्साहवर्धन के लिए नगद इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Updated on:
02 Mar 2026 03:28 pm
Published on:
02 Mar 2026 03:28 pm