रायगढ़

अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़! डेढ़ एकड़ में लहलहा रही थी फसल, सप्लाई चैन खंगालने में जुटी पुलिस…

Opium Farming Bust: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है।

2 min read
Mar 20, 2026
अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़! डेढ़ एकड़ में लहलहा रही थी फसल, सप्लाई चैन खंगालने में जुटी पुलिस...(photo-patrika)
अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़! डेढ़ एकड़ में लहलहा रही थी फसल, सप्लाई चैन खंगालने में जुटी पुलिस...(photo-patrika)

Opium Farming Bust: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। तमनार ब्लॉक के आमाघाट क्षेत्र में करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर अफीम की फसल उगाई जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और पूरे खेत को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।

Opium Farming Bust: डेढ़ एकड़ में लहलहाई अवैध फसल

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस अवैध खेती के पीछे झारखंड का कनेक्शन है। बताया जा रहा है कि झारखंड के एक व्यक्ति के माध्यम से यह खेती कराई जा रही थी। मौके से पुलिस ने एक आरोपी मार्शल सांगां को हिरासत में लिया है, जो झारखंड का निवासी बताया जा रहा है। उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अफीम की खेती सुनियोजित तरीके से की जा रही थी। खेत को इस तरह तैयार किया गया था कि दूर से देखने पर यह सामान्य फसल जैसा लगे। हालांकि गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने छापा मारकर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

प्रदेश में लगातार बढ़ रहे मामले

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में पिछले 15 दिनों के भीतर अफीम की खेती पकड़े जाने का यह चौथा मामला है। इससे पहले 7 मार्च को दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती का खुलासा हुआ था। इसके बाद 10 मार्च को बलरामपुर के कुसमी क्षेत्र और 12 मार्च को बलरामपुर के कोरंधा में भी अफीम के खेत बरामद किए गए थे। लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध खेती के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसकी सप्लाई कहां तक की जा रही थी। आशंका जताई जा रही है कि यह एक संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जो ग्रामीण और दूरदराज इलाकों में अफीम की खेती करवा रहा है।

सख्त कार्रवाई के संकेत

पुलिस ने साफ किया है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जाएगी।

Published on:
20 Mar 2026 01:12 pm