
PDS News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत साजापाली के आमानारा गांव में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन वितरण को लेकर ग्रामीणों ने शिकायत की है। गांव के पहाड़ी कोरवा समुदाय के परिवारों का आरोप है कि राशन वितरण के नाम पर उनका बायोमेट्रिक के जरिए अंगूठा लगवाया गया, लेकिन इसके बाद अगस्त महीने का राशन नहीं दिया गया। राशन नहीं मिलने से ग्रामीण परेशान हैं और कई परिवार बाजार से पैसे देकर अनाज खरीदने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के अनुसार राशन लेने के लिए उनसे बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी कराई गई थी। अंगूठा लगने के बाद उन्हें निर्धारित मात्रा में राशन मिलने की उम्मीद थी, लेकिन राशन नहीं दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि जब वे राशन लेने दुकान पहुंचे तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला और दूसरी जगह से राशन लेने की बात कही गई। ग्रामीण पारस राम ने बताया कि अगस्त महीने का राशन अब तक नहीं मिला है। उनका कहना है कि सरकारी राशन नहीं मिलने के कारण परिवारों को बाजार से अनाज खरीदकर गुजारा करना पड़ रहा है।
आमानारा गांव में करीब 52 पहाड़ी कोरवा परिवार रहते हैं। गांव की कुल आबादी लगभग 300 बताई जा रही है। चारों ओर पहाड़ियों से घिरे इस गांव की बड़ी आबादी पहाड़ी कोरवा समुदाय से जुड़ी है। ऐसे में इन परिवारों के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाला राशन काफी महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें हर महीने समय पर निर्धारित मात्रा में राशन मिलना चाहिए। एक महीने पीछे चल रही राशन वितरण व्यवस्था के कारण उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले में पीडीएस संचालक विजय ने ग्रामीणों के आरोप से अलग पक्ष रखा है। उनका कहना है कि पिछले राशन वितरक द्वारा एक महीने का राशन वितरित नहीं किए जाने के कारण व्यवस्था एक महीने पीछे चल रही है। संचालक के मुताबिक अगस्त में प्राप्त राशन को जुलाई महीने का राशन मानकर हितग्राहियों को वितरित किया गया था। अब सितंबर में मिलने वाले राशन को अगस्त महीने का मानकर ग्रामीणों को वितरित किया जाएगा।
मामले की जानकारी सहायक खाद्य अधिकारी धरमजयगढ़ राबिया खान तक भी पहुंची है। उन्होंने राशन वितरण में सामने आई समस्या को लेकर संबंधित राशन दुकान को सस्पेंड करने की बात कही है। साथ ही ग्रामीणों को राशन मिलने में परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
सहायक खाद्य अधिकारी के अनुसार आमानारा के ग्रामीणों के राशन वितरण के लिए चिड़ोड़ीह की राशन दुकान को अटैच किया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों को नियमित रूप से राशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। अब ग्रामीणों की नजर विभाग की कार्रवाई और अगस्त महीने के लंबित राशन के वितरण पर है।