
CG Police Action: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में रायगढ़ पुलिस ने जिले में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। झगड़ा, मारपीट और सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।
जुटमिल पुलिस स्टेशन क्षेत्र के समाधि गली में 21 मार्च को हुई मारपीट की घटना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पीड़ित किशोर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कयाघाट में लकड़ी को लेकर पूछताछ करने पर करन बानी उर्फ करन गुप्ता और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
घटना के बाद आरोपी पीड़ित का पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंच गए। इसी दौरान करन गुप्ता का भाई सोनू गुप्ता तलवार लेकर मौके पर पहुंचा और जान से मारने की नीयत से दौड़ाने लगा। पुलिस ने इस मामले में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों—करन बानी उर्फ करन गुप्ता, नंद किशोर बानी उर्फ अखिल गुप्ता, सोनू गुप्ता और एक बालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
चक्रधरनगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में 23 मार्च को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक इंदिरा विहार मेन रोड पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डरा रहे हैं। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान आशीष महंत और श्याम बरेठ के रूप में हुई। आरोपी आशीष महंत के पास से लोहे का धारदार खुरपी बरामद किया गया। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आशीष महंत पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।