आरोपी ने पुलिस को बहुत थकाया
रायगढ़. कुछ साल पहले नाबालिग को घर से भगाकर उसे मुंहबोली पत्नी बनाने तथा उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी ने पुलिस को बहुत थकाया।
जब भी पुलिस उसका कॉल डिटेल निकालकर उसे पकडऩे जाती तो पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह लड़की के साथ वहां से भाग निकलता था। आखिरकार पुलिस ने आरोपी के परिजनों पर दबाव बनाया तो वह खुद-ब-खुद गांव लौट आया, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना कोसीर थाना क्षेत्र की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोसीर निवासी १६ वर्षीय नाबालिग लड़की ०३ जून २०१४ को घर से अचानक लापता हो गई। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिला। ऐसे में नाबालिग के पिता ने १४ जुलाई को इसकी शिकायत थाने में की थी, जहां पुलिस उसकी पतासाजी कर रही थी। इस बीच पुलिस को पता चला कि ग्राम बटाउपाली निवासी अरविंद लहरे २० वर्ष नाबालिग को भगा कर ले गया। इसके बाद पुलिस दोनों को तलाशने लगी।
पुलिस को बहुत थकाया
पुलिस ने जब आरोपी का कॉल डिटेल व मोबाइल लोकेशन निकाला तो पता चला कि वह जम्मू में है। इसके बाद पुलिस टीम जम्मू पहुंची तो शातिर आरोपी पुलिस के आने की भनक लगने पर वहां से भाग कर कोरबा चला गया। इसके बाद पुलिस कोरबा पहुंची तो वहां से भी भाग गया। तब पुलिस ने आरोपी के परिजनों पर दबाव बनाया तो 18 जुलाई को वह अपने गांव लौटा। जहां से पुलिस ने प्रेमी जोड़े को पकड़ा।
नाबालिग के बयान के बाद पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ धारा ३६६, ३७६, ४-६ पास्को एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपी को रिमांड में जेल भेज दिया गया है। जबकि नाबालिग को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।