रायगढ़

रायगढ़ में जुए के 5 फड़ों पर एक साथ छापा, पुलिस ने 33 लोगों को दबोचा, 90 लाख की संपत्ति जब्त

Chhattisgarh Police Raid: रायगढ़ पुलिस ने 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत धसकामुड़ा गांव में जुए के पांच अड्डों पर छापेमारी कर 33 जुआरियों को गिरफ्तार किया है।
2 min read
Jul 20, 2026
Raigarh Police Raid
Raigarh Police Raid: रायगढ़ में जुए के 5 फड़ों पर एक साथ छापा(photo-patrika)

Raigarh Police Raid: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध जुआ के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। रायगढ़-कोरबा सीमा स्थित धसकामुड़ा गांव में संचालित पांच जुआ फड़ों पर एक साथ छापेमारी कर पुलिस ने नकदी, वाहन और जुआ सामग्री सहित करीब 90 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

Police Raid: मेला स्थल के बाहर चल रहा था जुए का खेल

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धसकामुड़ा गांव के मेला स्थल के बाहर लंबे समय से खुडखुडिया जुआ का संचालन किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने देर रात इलाके की चारों ओर से घेराबंदी कर पांच अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से जुआरियों में भगदड़ मच गई, लेकिन पुलिस ने सभी को मौके पर ही दबोच लिया।

लग्जरी वाहनों की लगी थी कतार

छापेमारी के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कई महंगी गाड़ियां भी मिलीं। जब्त वाहनों में इनोवा, बोलेरो, अर्टिगा, KIA और ऑल्टो कार शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने 57,140 रुपये नकद, पांच गैस लाइट और जुए में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 90 लाख रुपये आंका गया है।

कई जिलों से पहुंचे थे जुआरी

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी केवल रायगढ़ जिले के ही नहीं, बल्कि आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से भी यहां पहुंचे थे। इनमें घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर के निवासी शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि यह जुआ गतिविधि काफी समय से संचालित हो रही थी और इसमें कई लोग नियमित रूप से शामिल होते थे।

पांच मामलों में दर्ज हुआ अपराध

सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा-6 के तहत पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।

'ऑपरेशन अंकुश' रहेगा जारी

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध जुआ संचालकों में हड़कंप का माहौल है और इसे 'ऑपरेशन अंकुश' की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।

Updated on:
20 Jul 2026 06:38 pm
Published on:
20 Jul 2026 06:37 pm