
Korba Murder Case: 'मैंने उसे मार डाला...'(photo-patrika)
Korba Murder Case: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। उरगा थाना क्षेत्र के भैसामुड़ा गांव में शराब के नशे में पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी खुद गांववालों को इसकी जानकारी देने पहुंचा। बताया जा रहा है कि होश आने पर वह पत्नी के शव से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 32 वर्षीय अगहन बाई धनवार के रूप में हुई है। रविवार रात पति-पत्नी ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान बची हुई शराब को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि नशे में धुत पति परदेसी धनवार ने अपना आपा खो दिया और पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने पत्नी को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान आसपास के लोगों ने चीख-पुकार सुनी। बताया जा रहा है कि एक बुजुर्ग व्यक्ति बीच-बचाव के लिए मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोपी ने उसे भी धक्का देकर गिरा दिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते थे। उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। अगहन बाई मूल रूप से मड़वारानी गांव की रहने वाली थीं। पिछले कुछ समय से दोनों रिश्तेदारों के गांव भैसामुड़ा में रह रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों के बीच पहले भी घरेलू विवाद की घटनाएं होती रही थीं, हालांकि इस बार मामला जानलेवा साबित हुआ।
घटना के बाद आरोपी परदेसी धनवार खुद गांववालों के पास पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, जब नशा कुछ कम हुआ तो वह पत्नी के शव के पास बैठकर रोने लगा। यह दृश्य देखकर गांव के लोग भी स्तब्ध रह गए।
सोमवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर घरेलू हिंसा और शराब के दुष्प्रभावों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
Updated on:
20 Jul 2026 06:03 pm
Published on:
20 Jul 2026 06:02 pm
