
Girls Hostel Incident: एक साथ बिगड़ी 15 बच्चियों की तबीयत(photo-patrika)
Girls Hostel Incident: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम दुल्लापुर बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक के बाद एक कई छात्राओं की तबीयत अचानक खराब होने लगी। पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद 10 से 15 छात्राओं के बीमार होने की सूचना सामने आई। घटना के बाद छात्रावास प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया।
जानकारी के अनुसार, छात्रावास में रह रही छात्राओं ने सोमवार को अचानक पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू कर दी। देखते ही देखते कई बच्चियों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे छात्रावास परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छात्रावास की प्रभारी अधीक्षक ने बिना देर किए स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी और छात्राओं को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद चार छात्राओं को बेहतर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं अन्य छात्राओं का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि सभी छात्राओं की हालत फिलहाल सामान्य और स्थिर है।
प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बीमार होने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। एहतियात के तौर पर छात्रावास में परोसे गए भोजन और पानी के नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम छात्रावास पहुंची और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। टीम छात्राओं के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है और छात्रावास में स्वच्छता तथा भोजन की गुणवत्ता की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद छात्राओं के अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी छात्राओं की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और स्वास्थ्य विभाग लगातार उनकी निगरानी कर रहा है।
Updated on:
20 Jul 2026 05:19 pm
Published on:
20 Jul 2026 05:18 pm
