
फसल बचाने खेतों की बाढ़ में करंट (photo Patrika)
Death By Electrocution: कबीरधाम जिले में खेतों की सुरक्षा के नाम पर बाड़ में छोड़ा जा रहा अवैध बिजली का करंट लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। महज 15 दिनों के भीतर करंट की चपेट में आने से यह तीसरी मौत है। ताजा मामला पंडातराई थाना क्षेत्र के ग्राम मंझोली का है जहां खेत की फेंसिंग में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। लगातार हो रहे हादसों ने ग्रामीणों में दहशत बढ़ा दी है और खेतों में करंट छोडऩे की खतरनाक प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रामभीषण चंद्रवंशी निवासी ग्राम मंझोली के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खेत मालिक युनूस खान ने फसल को मवेशियों से बचाने के लिए खेत की घेराबंदी वाली तार में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित कर रखा था। गुरुवार रात रामभीषण किसी काम से खेत की ओर गया था। उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि फेंसिंग में बिजली दौड़ रही है। जैसे ही वह खेत में प्रवेश करने लगाए करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह खेत मालिक जब खेत पहुंचा तो युवक को फेंसिंग के पास मृत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पंडातराई पुलिस मौके पर पहुंची। सबसे पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और खेत मालिक से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से खेतों में अवैध रूप से करंट प्रवाहित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है।
कबीरधाम जिले में पिछले 15 दिनों के भीतर करंट से मौत की यह तीसरी घटना है। सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के बीरनपुर में खेत की सुरक्षा के लिए छोड़े गए करंट की चपेट में आने से किसान परमेश पटेल (22) और उनके पिता करंजू पटेल (55) की मौत हो गई थी। अब पंडातराई के मंझोली में खेत की करंटयुक्त फेंसिंग ने एक और युवक की जान ले ली।
Updated on:
11 Jul 2026 02:06 pm
Published on:
11 Jul 2026 02:05 pm
