
Employees Leave Cancelled: अधिकारी-कर्मचारियों के छुट्टी पर लगा रोक(photo-patrika)
Employees Leave Cancelled: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में (IMD) द्वारा आगामी 48 से 72 घंटों के दौरान जिले में भारी वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी किए जाने के बाद बिलासपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 और 34 के तहत व्यापक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में राहत और बचाव कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए।
जारी आदेश के अनुसार, 18 जुलाई को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12वीं तक की नियमित कक्षाएं स्थगित रहेंगी। इसके अलावा सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। हालांकि, संस्था प्रमुख, शिक्षक और प्रशासनिक कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहकर भवनों और महत्वपूर्ण अभिलेखों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी। विद्यालयों को आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी राहत शिविर के रूप में उपयोग के लिए भी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने जिले और सभी विकासखंड स्तर पर कंट्रोल रूम को तत्काल सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं। नदी किनारे और निचले इलाकों में ग्राम कोटवारों के माध्यम से लोगों को सतर्क करने को कहा गया है।
Updated on:
18 Jul 2026 06:41 pm
Published on:
18 Jul 2026 06:39 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
