Accident in Raigarh: छठी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रही महिलाओं से भरी पिकअप घरघोड़ा के अमलीडीह के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना से पिकअप सवार महिलाओं के बीच चीख-पूकार मची।
Chhattisgarh News: छठी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रही महिलाओं से भरी पिकअप घरघोड़ा के अमलीडीह के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना से पिकअप सवार महिलाओं के बीच चीख-पूकार मची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को घरघोड़ा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के बाद 5 गंभीर से घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को घरघोड़ा के बहिरकेला गांव से तमनार के जांजगीर गांव में एक छठी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 30 महिलाएं पिकअप में सवार होकर जा रही थी। इस बीच दोपहर करीब 2.30 बजे अमलीडीह के समीप पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। वैसे तो बताया जा रहा है कि पिकअप में सवार सभी को चोट आई, लेकिन करीब 20 महिलाओं को उपचार के लिए घरघोड़ा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां 5 महिलाओं को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हालांकि सबकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही हैं। शेष 15 महिलाओं का उपचार सीएचसी घरघोड़ा में चल रहा है। पिकअप चालक घटना के बाद फरार हो गया है।
अधिकांश तौर पर देखा जाता है कि पिकअप में ग्रामीण क्षेत्र से काफी अधिक संया में लोगों को लेकर परिवहन किया जाता है। क्षमता से अधिक लोगों को ले जाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार होती है, लेकिन ऐसे वाहन चालकों पर परिवहन विभाग कोई कार्रवाई नहीं करती है।
घटना की सूचना मिलने के बाद घरघोड़ा एसडीएम रमेश मोर घरघोड़ा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। घायलों व उनके परिजनों से चर्चा कर बेहतर उपचार कराने के लिए अस्प्ताल प्रबंधन को निर्देश दिया।