
Raigarh Crime News: युवती का हाथ-बांह पकड़कर की छेड़छाड़(photo-patrika)
Raigarh Crime News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवती से छेड़छाड़, लगातार फोन कर परेशान करने और उसकी तस्वीर मोबाइल स्टेटस पर लगाकर बदनाम करने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान अजीत मालाकार (24 वर्ष), पिता नानू राम मालाकार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम सेमरा, थाना पुसौर का निवासी है और वर्तमान में चांदमारी, थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में रह रहा था।
मामले में शिकायत करने वाली 20 वर्षीय युवती ने 27 नवंबर 2026 को महिला थाना रायगढ़ पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। युवती ने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले उसकी पहचान अजीत मालाकार से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी थी।
युवती के परिजनों को इसकी जानकारी होने के बाद उसने आरोपी से दूरी बना ली और बातचीत बंद कर दी। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद भी आरोपी लगातार फोन कर युवती से संपर्क करने का प्रयास करता रहा। युवती ने उसे बातचीत नहीं करने की बात कही, लेकिन आरोपी कथित तौर पर उसे परेशान करता रहा।
पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया कि 4 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे आरोपी उसके घर पहुंच गया। वहां बातचीत नहीं करने पर उसने युवती को बदनाम करने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने गलत नीयत से युवती का हाथ और बांह पकड़कर छेड़छाड़ की।
युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी तस्वीर मोबाइल स्टेटस पर लगाकर उसे बदनाम करने का प्रयास किया। घटना के बाद युवती महिला थाना पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
युवती की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 105/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78(1)(ii) और 74 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में रवाना हुई। टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक परमेश्वर गुप्ता, संदीप भगत, प्रमिला महंत और महिला थाना स्टाफ की भूमिका रही।
SSP ने महिलाओं की सुरक्षा को बताया प्राथमिकता
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं से संबंधित अपराधों की शिकायत मिलने पर पुलिस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि किसी महिला या युवती को परेशान करने, धमकी देने अथवा उसकी निजता और सम्मान को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने महिलाओं और युवतियों से अपील की है कि छेड़छाड़, धमकी, पीछा करने या सोशल मीडिया और मोबाइल के माध्यम से परेशान किए जाने की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से शिकायत करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
28 Nov 2026, 1:14 PM IST
Published on:
28 Nov 2026, 1:14 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरायगढ़
छत्तीसगढ़




